आम चुनाव करीब फिर भी नहीं कम हो रहा कांग्रेस के दिग्‍गजों में मतभेद

निकाय चुनाव के बाद से ही कांग्रेस के दिग्गजों के बीच उपजा मनभेद कम होने की बजाय बढ़ता जा रहा है। कांग्रेसी नेता अपनी-अपनी ढपली अपना-अपना राग अलापने में मस्त हैं।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Tue, 22 Jan 2019 11:15 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jan 2019 07:38 PM (IST)
आम चुनाव करीब फिर भी नहीं कम हो रहा कांग्रेस के दिग्‍गजों में मतभेद
आम चुनाव करीब फिर भी नहीं कम हो रहा कांग्रेस के दिग्‍गजों में मतभेद

हल्द्वानी, जेएनएन : निकाय चुनाव के बाद से ही कांग्रेस के दिग्गजों के बीच उपजा मनभेद कम होने की बजाय बढ़ता जा रहा है। लोकसभा चुनाव के लिए बहुत कम समय रह गया है, इसके बावजूद कांग्रेसी नेता अपनी-अपनी ढपली अपना-अपना राग अलापने में मस्त हैं। इस समय जहां राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सीएम हरीश रावत 'म्यर मैत' अभियान के जरिये सियासी ताकत बढ़ाने में जुटे हैं, वहीं प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने भी परिवर्तन यात्रा के जरिये अपने राजनीतिक माहौल को हवा देनी शुरू कर दी है।

पूर्व सीएम हरीश रावत का गढ़वाल में नौ दिवसीय म्यर मैत अभियान पूरा हो गया है। यह अभियान पार्टी के अंदर ही नहीं, बल्कि भाजपा नेताओं के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा। इसे लेकर खूब बयानबाजी भी होने लगी है। अब 21 जनवरी से उन्होंने कुमाऊं में सितारगंज से इसकी शुरुआत कर दी है। 24 जनवरी को हल्द्वानी में इसका भव्य समापन करने की तैयारी है। कुमाऊं में जैंती, खनस्यू, चम्पावत, लोहाघाट, टनकपुर आदि क्षेत्रों में बड़ी सभाएं रखी हैं, लेकिन इस अभियान में इंदिरा-प्रीतम के समर्थकों की उपस्थिति नहीं दिख रही है। लोकसभा चुनाव को लेकर तेजी से बढ़ी पूर्व सीएम हरदा की सरगर्मी के बाद प्रदेश संगठन ने भी परिर्वतन यात्रा के जरिये सियासी माहौल को अपने पक्ष में करना शुरू कर दिया है। खासकर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने गढ़वाल में यात्रा की शुरुआत कर दी है।

29 जनवरी को कुमाऊं के खटीमा से इसका आगाज हो जाएगा। हालांकि, यह यात्रा कब तक चलेगी, पार्टी की ओर से अभी स्पष्ट नहीं किया गया है। पार्टी के भीतर ही कुछ नेताओं के बीच चर्चा है कि यह सब टिकट को लेकर है। कांग्रेस में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर व टिहरी लोकसभा सीट पर अधिक विवाद है। यही कारण है कि पार्टी के दिग्गज अपनों को टिकट दिलाने के लिए आपस में बिखरे नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें : सरिता आर्य बोलीं, बीजेपी की जन‍ विरोधी नीतियों का कांग्रेस को मिलेगा फायदा

यह भी पढ़ें : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोट नहीं डाल पाएंगे आठ हजार मतदाता

chat bot
आपका साथी