ऊधमसिंह नगर के स्कूल में विवाद, कक्षा नौ के छात्र की मौत, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने बताया कि स्कूल द्वारा घटना की जानकारी दी गई थी। घटना के बाद सीसीटीवी की फुटेज की जांच और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक एवं एक अन्य छात्र में विवाद की सूचना मिली है।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 05:27 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 05:27 PM (IST)
ऊधमसिंह नगर के स्कूल में विवाद, कक्षा नौ के छात्र की मौत, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
मृतक छात्र के पिता राम सिंह अशोका लीलैंड में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत हैं।

जागरण संवाददाता, गदरपुर (ऊधमसिंह नगर) : स्कूल में छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद स्टूल में गिरने से एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। छात्र की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली, साथ ही हादसे का पता लगाने के लिए पुलिस स्कूल मेें लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच कर रही है।

ग्राम मजरा शीला निवासी विवेक सिंह (14) पुत्र राम सिंह विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। मंगलवार सुबह विवेक आठ बजे स्कूल पहुंचा। सुबह 11:15 बजे जब पांचवां पीरियड खत्म हुआ तो शिक्षिका अंजलि क्लास रूम से बाहर निकली। वह कुछ दूर ही पहुंची थी कि क्लास से शोरगुल होने पर वापस पहुंच गई। जहां पर विवेक गिरा पड़ा था। शिक्षिका ने इसकी सूचना स्टाफ को दी। सूचना पर स्कूल स्टाफ ने घायल छात्र को टुकटुक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। विवेक की मौत के बाद लोगों ने सूचना उसके स्वजनों और पुलिस को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष सतीश चंद कापड़ी, एसआई हरविंदर सिंह एवं स्वजन तथा ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली। 

मृतक छात्र के पिता राम सिंह अशोका लीलैंड में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें इसकी सूचना दी गई तो वह भी अस्पताल पहुंचे। बाद में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने बताया कि स्कूल द्वारा घटना की जानकारी दी गई थी। घटना के बाद सीसीटीवी की फुटेज की जांच और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक एवं एक अन्य छात्र में विवाद की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

क्लास में हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि मृतक छात्र विवेक सिंह एवं इसी क्लास के एक अन्य छात्र का कॉपी को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बड़ा कि दूसरे छात्र ने विवेक को धक्का दे दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की बहन ने घटना की जानकारी परिजनों को दी

मृतक विवेक सिंह के चाचा की लड़की इसी स्कूल में पढ़ती है। घटना की जानकारी उसने अपने स्वजनों को दी थी। जिसके बाद उसके स्वजन सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पहुंचे थे

छात्र के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं थे

स्कूल का स्टाफ जब छात्र विवेक सिंह को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था तो उसके शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं था। इससे आशंका जताई जा रही है कि छात्र को कोई अंदरूनी चोट लगी जिससे उसकी मौत हो गई। सूत्र बताते हैं कि दोनों छात्रों में धक्का-मुक्की हुई थी। धक्का-मुक्की के  दौरान विवेक सिंह स्टूल पर जा गिरा और अंदरूनी चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

विवाद के बाद घायल विवेक को पिलाया था पानी

क्लास में छात्रों का विवाद होने के बाद जब स्कूल का स्टाफ कक्ष में पहुंचा तो विवेक गिरा हुआ मिला था। इस पर उन्होंने उसे पानी भी पिलाया था। उस वक्त वह सही था। इसके बाद स्कूल स्टाफ उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था। जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

chat bot
आपका साथी