कांग्रेस पार्टी से ही कांग्रेसियों का अस्तित्व : तिलक राज बेहड़

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ ने गुटबाजी को पीछे छोड़कर पार्टी हित में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी के नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कांग्रेस से ही अस्तित्व है। इसलिए पार्टी को मजबूत करने में जुटें

By Prashant MishraEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 09:53 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 09:53 PM (IST)
कांग्रेस पार्टी से ही कांग्रेसियों का अस्तित्व : तिलक राज बेहड़
काशीपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के अंदर गुटबाजी का मामला पूरी बैठक में छाया रहा।

जागरण संवाददाता, काशीपुर : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ ने गुटबाजी को पीछे छोड़कर पार्टी हित में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी के नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कांग्रेस से ही अस्तित्व है। इसलिए पार्टी को मजबूत करने में जुटें, जिससे कल सरकार आए और आप की भी सुनी जाए। आज हर कोई पदाधिकारी बनने की दौड़ लगा रहा है, लेकिन सरकार नहीं आती है तो ऐसे पदों का कोई औचित्य नहीं होगा।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यहां पहुंचे तिलकराज बेहड़ का नवचेतना भवन में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बेहड़ ने कहा कि उन्हें कुमाऊं के 26 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। वह हर विस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनमें उत्साह भर रहे हैं। कहा कि पदाधिकारी पार्टी के प्रति निष्ठा दिखा पूरी जिम्मेदारी से कार्य करेंगे। यही बात सभी कार्यकर्ताओं पर भी लागू होती है।

बाद में विधानसभा चुनाव में नेतृत्व के सवाल पर उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से चुनाव लड़ा जाएगा। चुनाव प्रचार कमेटी का नेतृत्व संभालने के लिए उन्होंने हरीश रावत को बधाई दी। किच्छा से चुनाव लडऩे के बारे में पूछने पर कहा कि वह पार्टी के निर्देश का पालन करेंगे। हरीश रावत और रंजीत रावत के बीच मतभेद पर कहा कि किसी के व्यक्तिगत मतभेद हो सकते हैं, पार्टी को लेकर कोई मतभेद नहीं हैं। उन्होंने कहा कृषि कानून के विरोध में हमें एक स्वर से किसानों का साथ देना होगा। इस मौके पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, मनोज जोशी, उमेश जोशी, उमा वात्सल्य, त्रिलोक ङ्क्षसह अधिकारी, आशीष अरोरा बॉबी, सुभाष बेहड़, इंदर ङ्क्षसह, दीपिका गुडिय़ा आत्रेय आदि मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री बनाने की मशीन है बीजेपी

प्रदेश में शासन व्यवस्था राम भरोसे है। एक कार्यकाल में तीन सीएम थोपकर भाजपा मुख्यमंत्री बनाने की मशीन बन चुकी है। ऐसी सरकार से प्रदेश की जनता भी थक चुकी है। अब समय आ गया है कि प्रदेश को एक स्थिर सरकार मिलेे और कांग्रेस सत्ता में वापस आए।

कम से कम खाली कुर्सियां तो भर लो ....

तिलक राज बेहड़ ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने का हर प्रयास करूंगा। हर गांव में जाने को तैयार हूं, लेकिन कम से कम कुर्सियां तो भर लो..।

...और महानगर अध्यक्ष ने कहा आप बनें मध्यस्थ

काशीपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के अंदर गुटबाजी का मामला पूरी बैठक में छाया रहा। इसी दौरान महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा कि अपनों के बीच में जो मतभेद हैं, उन्हें सुलझाने के लिए आप मध्यस्थता करें। पार्टी आप के नेतृत्व में एकजुट होकर बेहतर काम करेगी।

chat bot
आपका साथी