भ्रम फैलाने, मनोबल गिराने का काम कर रहे कांग्रेस और विपक्षी दल : भाजपा जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष लगातार भ्रमित करने वाले बयान जारी कर रहा है। पिछले साल कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को विपक्ष ने जहां गैरजरूरी बताया था वहीं इस बार लॉकडाउन को जरूरी बता रहा है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : भारतीय जनता पार्टी के नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने वैश्विक महामारी के समय कांग्रेस और विपक्षी नेताओं के रवैये पर आश्चर्य जताया है। उन्होंने नसीहत दी है कि आपदा को अवसर बनाने का प्रयास न करें। यदि जनता का सहयोग नहीं कर सकते तो भ्रम फैलाने और मनोबल गिराने का कार्य न करें।
मीडिया को जारी अपने बयान में भाजपा जिलाध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष लगातार भ्रमित करने वाले बयान जारी कर रहा है। पिछले साल कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को विपक्ष ने जहां गैरजरूरी बताया था वहीं, इस बार लॉकडाउन को जरूरी बता रहा है। कोरोना के टीके को लेकर लोग जिस समय उत्साहित थे विपक्ष उसी समय शोध पर सवाल खड़े करने का काम कर रहा था। बिष्ट का कहना है कि उत्तराखंड भाजपा द्वारा लगातार सेवा के कार्य किए जा रहे हैं। नैनीताल जिले में भी इस वैश्विक महामारी में लोगों को राहत दिलाने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
टीकाकरण के लिए प्रेरित करने को औसतन 140 कार्यकर्ता, बूथ को कोरोना मुक्त बनाने में 145 कार्यकर्ता, बुजुर्गों की सेवा के लिए औसतन 70 कार्यकर्ता लगे हुए हैं। पूरे जिले में अब तक 12749 मास्क बांटने व 180 घरों में भोजन पहुंचाने का कार्य किया जा चुका है। इसके अलावा इमरजेंसी सेवा के लिए तीन पदाधिकारियों के नंबर दिए गए हैं। सीएम द्वारा जिले को अस्पताल, दवाईयां, ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। सांसद अजय भट्ट और कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत लगातार कठिनाईयां दूर करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि संकट के इस समय गायब हो जाना और भ्रम फैलाना बहुत ही अशोभनीय है। उन्होंने दलों से अपना रवैया बदलने को कहा है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें