पर्यावरण मित्रों की हड़ताल से नैनीताल में पटरी से उतरी सफाई व्यवस्था, व्यापारियों ने संभाली कमान

कर्मियों के काम पर नहीं लौटने से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। पालिकाध्यक्ष ने कर्मियों के साथ वार्ता की मगर कर्मचारी नहीं माने। शहर में बढ़ते कूड़े को देखते हुए व्यापारी सफाई व्यवस्था संभालने को मैदान में उतर गए हैं।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 03:59 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 03:59 PM (IST)
पर्यावरण मित्रों की हड़ताल से नैनीताल में पटरी से उतरी सफाई व्यवस्था, व्यापारियों ने संभाली कमान
कर्मियों ने कहा कि पांच दिन गुजरने के बाद भी अब तक सरकार ने कर्मियों की सुध नहीं ली है।

जागरण संवाददाता, नैनीताल। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध में उतरे पर्यावरण मित्रों का कार्य बहिष्कार छठे दिन भी जारी है। कर्मियों के काम पर नहीं लौटने से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। पालिकाध्यक्ष ने कर्मियों के साथ वार्ता की , मगर कर्मचारी नहीं माने। शहर में बढ़ते कूड़े को देखते हुए व्यापारी सफाई व्यवस्था संभालने को मैदान में उतर गए हैं। व्यापारियों ने सफाई अभियान चलाकर सड़को से कूड़ा एकत्रित किया।

शनिवार को देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ शाखा नैनीताल के पदाधिकारियों समेत तमाम पर्यावरण मित्र पालिका दफ्तर में एकत्रित हुए। जहां कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मियों ने कहा कि पांच दिन गुजरने के बाद भी अब तक सरकार ने कर्मियों की कोई सुध नहीं ली है। दोपहर बाद शासन स्तर पर प्रदेश संगठन की वार्ता होनी है। यदि मांगों को लेकर कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला तो कार्य बहिष्कार इसी तरह जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में संघ महासचिव सोनू सहदेव, उपाध्यक्ष कमल कुमार, उप सचिव मंजीत सहदेव, ओम प्रकाश चौटाला, अमन टांक समेत तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।

चरमराई सफाई व्यवस्था, लगे कूड़े के ढेर

छह दिनों से पर्यावरण मित्रों की हड़ताल में जाने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर की माल रोड, पंत पार्क, बाजार के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लगे हैं। समस्या को देखते हुए शनिवार दोपहर पालिका अध्यक्ष सचिन ने संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने धरना प्रदर्शन खत्म कर काम पर लौटने की मांग रखी। जिस पर कर्मियों ने कहा कि कार्य बहिष्कार का निर्णय प्रदेश स्तर से ही लिया गया है। यदि प्रदेश स्तर से कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस से आ जाता है तो यकीनन कर्मचारी काम पर लौट जाएंगे।

व्यापारियों ने संभाली सफाई व्यवस्था

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लग गए है। जिससे निपटने के लिए प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल तल्लीताल के व्यापारी मैदान में उतर आए हैं। व्यापारियों ने तल्लीताल बाजार क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर सड़कों में फैला हुआ कूड़ा एकत्रित किया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष मारुति साह, आयुष भंडारी, विक्रम राठौर, राजेंद्र मनराल, अमनदीप सिंह, जयंत उप्रेती, हरिलाल, पवन बिष्ट, विजय, शैलू साह, अनुराग, मयंक साह, धीरज पंत आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी