भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने की नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, कांग्रेस में आक्रोश

भीमताल भाजपा की बैठक में प्रदेश अध्‍यक्ष की टिप्‍पणी से कांग्रेसी नेताओं को बैठे बिठाए मुददा मिल गया है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाम से ही विरोध के साथ ही बुधवार को बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन की बात कही है।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Tue, 05 Jan 2021 08:46 PM (IST) Updated:Tue, 05 Jan 2021 08:46 PM (IST)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने की नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, कांग्रेस में आक्रोश
इस बयान से भाजपा पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। जागरण

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पर की गई अभद्र टिप्पणी से कांग्रेस में जबरदस्त आक्रोश है। गुस्साए कांग्रेस नेताओं ने भगत के बयान की कड़ी निंदा की और बुद्ध पार्क में उनका पुतला जलाया। भीमताल स्थित शीत जल अनुसंधान निदेशालय के सभागार में मंगलवार को आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान वहां पर तमाम पुरुषों के अलावा महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद थीं। तभी भगत की जुबान फिसल गई और नेता प्रतिपक्ष को लेकर की गई उनकी अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल हो गया।

वीडियो में स्पष्ट दिखाई व सुनाई दे रहा है कि नेता प्रतिपक्ष पर टिप्पणी करते समय मौजूद लोग ठहाके लगा रहे हैं। इस तरह की असहज करने वाली टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस में तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई। शाम को युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुप्रीत प्रिंस के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में एकत्र हो गए। उन्होंने बंशीधर भगत के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। कहा कि इस तरह की टिप्पणी भाजपा की महिलाओं व बुजुर्गों के प्रति सोच को दर्शाती है। जब तक प्रदेश अध्यक्ष माफी नहीं मांगेंगे, विरोध जारी रहेगा। इस दौरान त्रिलोक सिंह कठायत, सलीम सिद्दीकी, प्रदीप नेगी, लाल सिंह पवार, आशीष कुड़ाई आदि शामिल रहे।

बुधवार को कांग्रेस का जिले भर में प्रदर्शन

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत द्वारा की गई टिप्पणी शर्मनाक है। इसके विरोध में बुधवार को पूरे जिले में ब्लाक व नगर कमेटियां भगत का पुतला फूकेंगी। साथ ही उनके खिलाफ पीएम को भी पत्र भेजा जाएगा। उनका कहना है कि इस विरोध का राज्‍यव्‍यापी बनाया जाएगा। पूरे प्रदेश में विरोध-प्रदर्शन होगा।

इस मामले में नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मेरा नहीं बल्कि नारी शक्ति का एवं पहाड़ की महिला का अपमान किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पीएम को इसका संज्ञान लेना चाहिए। नारी सशक्तीकरण व बेटी-पढ़ाओ, बेटी-बढ़ाओ का संदेश देने वाली पार्टी का अध्यक्ष किसी महिला के लिए इतनी अशिष्ट टिप्पणी कैसे कर सकता है। जिस पार्टी के नेता की भाषा अशिष्ट होगी उस पार्टी से कोई भी महिला दूर रहना पसंद करेगी।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष काफी दिनों से शोर मचा रही हैं कि कुछ विधायक मेरे संपर्क में हैं। मुझे शीर्ष स्तर से पता चला है कि वह कह रही हैं टिकट दो, हम भी पार्टी में आ जाएंगे। वैसे मैंने उनके लिए किसी तरह की गलत टिप्पणी नहीं की।

chat bot
आपका साथी