Uttarakhand assembly Election 2022 : बलराज पासी के रोड शो में चढ़ा सियासी पारा, भाजपा के स्थानीय नेताओं ने बनाई दूरी

Uttarakhand assembly Election 2022 अपने राजनीतिक भविष्य की संभावनाएं तलाश रहे पूर्व सांसद बलराज पासी ने रविवार को काशीपुर के किला मुहल्ला से रामलीला मैदान तक जनसंपर्क यात्रा निकाली। इस रोड शो को लेकर कांग्रेस से ज्यादा बीजेपी में खलबली मची हुई है।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 07:54 AM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 08:30 AM (IST)
Uttarakhand assembly Election 2022 : बलराज पासी के रोड शो में चढ़ा सियासी पारा, भाजपा के स्थानीय नेताओं ने बनाई दूरी
Uttarakhand assembly Election 2022 : बलराज पासी के रोड शो काशीपुर में चढ़ा राजनीतिक पारा

जागरण संवाददाता, काशीपुर : Uttarakhand assembly Election 2022 : राजनीतिक भविष्य की संभावनाएं तलाश रहे पूर्व सांसद बलराज पासी ने रविवार को काशीपुर के किला मुहल्ला से रामलीला मैदान तक जनसंपर्क यात्रा निकाली। इस रोड शो को लेकर कांग्रेस से ज्यादा बीजेपी में खलबली मची हुई है। बेटे के लिए टिकट की दावेदारी जता चुके चार बार से विधायक हरभजन सिंंह चीमा इसे शक्ति प्रदर्शन का नाम दे रहे हैं। वहीं स्थानीय भाजपा नेताओं ने भी इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। इस यात्रा के लिए पासी के गृह क्षेत्र बाजपुर, जसपुर तथा कुंडेश्वरी व आसपास से बसों में लोग पहुंचे थे।

रविवार को रोड शो से पहले बलराज पासी ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के किए गए कार्यों को वह घर-घर जाकर गिनाएंगे। खुद के चुनाव लडऩे के सवाल पर कहा कि पार्टी जब टिकट देगी तो देखा जाएगा। रोड शो को निजी होने से इन्कार करते हुए भाजपा का कार्यक्रम बताया। पासी जब यह दावा कर रहे थे तो दूसरी तरफ स्थानीय भाजपा पदाधिकारी इससे इन्कार करते रहे। भाजपा विधायक चीमा ने कहा कि उनके पास इस कार्यक्रम की पार्टी की तरफ से कोई जानकारी नहीं मिली है। यह रोड शो नहीं बल्कि शक्ति प्रदर्शन है। प्रदेश मंत्री आशीष गुप्ता ने भी बताया कि पार्टी की तरफ से रोड शो की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। अगर शहर में कार्यक्रम हुआ है तो यह निजी कार्यक्रम होगा।

शिक्षा मंत्री भी नहीं हुए कार्यक्रम में शामिल

सभी कार्यक्रमों और मंचों पर एक साथ नजर आने वाले कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय भी रोड शो में पासी के साथ नजर नहीं आए। जबकि कार्यक्रम में पांडेय के शामिल होने की जानकारी दी जाती रही। स्कूली छात्रों को भी शिक्षा मंत्री के आने के लिहाज से बुलाया गया। प्रादेशिक कापरेटिव यूनियन के अध्यक्ष राम मल्होत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष खिलेन्द्र चौधरी, मेयर ऊषा चौधरी सहित तमाम बड़े नेताओं ने भी इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने कहा कि पूर्व सांसद भी पार्टियों की नीतियों को लेकर आम जन से मिल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी