बीच बाजार पत्‍नी पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, लोग जुटे तो पति फरार

लंबे समय से पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बाद पति ने भरे बाजार में चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर पत्नी को बुरी तरह घायल कर दिया।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Thu, 15 Nov 2018 01:51 PM (IST) Updated:Fri, 16 Nov 2018 09:47 AM (IST)
बीच बाजार पत्‍नी पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, लोग जुटे तो पति फरार
बीच बाजार पत्‍नी पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, लोग जुटे तो पति फरार

लालकुआं (जेएनएन)। आपसी विवाद से तैश में आए पति ने सरेबाजार पत्‍‌नी पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद पति फरार हो गया, जबकि जख्मी महिला को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी है।

गुरुवार सुबह वार्ड नंबर छह लालकुआं निवासी सोनू शर्मा का मुख्य बाजार में अपनी पत्नी रेखा से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ा तो सोनू ने चाकू निकाल रेखा पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। हो-हल्ला होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और सोनू मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाल एनएन पंत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हमले से जख्मी रेखा को वाहन से हल्द्वानी बेस अस्पताल भिजवाया। रेखा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वहां से उसे सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर कर दिया। कोतवाल ने बताया कि फरार पति की तलाश की जा रही है। हालांकि महिला या उसके किसी रिश्तेदार की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।

तमाशबीन बने रहे आसपास के लोग
भरे बाजार में पति-पत्नी के झगड़े तथा चाकू मारने की घटना के समय आसपास के लोग तमाशबीन बने रहे। बताते हैं कि सोनू चाकू मारने के बाद कुछ देर वहां खड़ा भी रहा परंतु किसी ने उसे नहीं पकड़ा। पुलिस के आने तक खून से लतपथ रेखा सड़क पर पड़ी रही। किसी ने भी उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया। बाद में मौके पर पहुंचे कोतवाल एनएन पंत ने महिला को अस्पताल भिजवाया।

काफी समय से दंपती में चल रहा था विवाद
सोनू शर्मा व उसकी पत्नी रेखा के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। आसपास के लोगों के अनुसार सोनू अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। कई बार विवाद कोतवाली भी पहुंचा था। प्रतिदिन की मारपीट से तंग आकर रेखा वार्ड नंबर एक में अपनी मां के साथ रहने लगी थी।

लालपुर में दंपती के बीच चले धारदार हथियार, गंभीर

रुद्रपुर : आपसी विवाद में लालपुर निवासी दंपती के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों ने एक दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर होने पर पड़ोसियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया।

 मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज(बरेली) निवासी राजेश कुमार मजदूरी करता है। वह पत्नी राखी और सात बच्चों के साथ लालपुर के गड्ढा कालोनी में रहता है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह पति-पत्नी घर में अकेले थे। इसी बीच उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते उनमें मारपीट शुरू हो गई। दोनों ने एक दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे दोनों लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर होने पर वहां पहुंचे आसपास के लोग लहूलुहान रमेश और राखी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। पड़ोसियों के मुताबिक रमेश की राखी से दूसरी शादी है। रमेश को पहली पत्नी से चार बच्चे थे। रमेश ने पहली पत्नी की मौत के बाद साली राखी से शादी कर ली और तीन बच्चे हुए। इधर, सूचना पर लालपुर चौकी पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें : शादी का झांसा देकर यौन शोषण, अश्‍लील वीडियो बनाकर कर दिया वायरल

chat bot
आपका साथी