तिरंगा संकल्प यात्रा में दिखी आम आदमी की ताकत, केजरीवाल ने बनाया माहौल

हल्द्वानी पहुंचे आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तिरंगा संकल्प यात्रा के जरिये पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया। करीब पांच हजार लोगों की भीड़ अरविंद केजरीवाल का स्वागत करने को बेताब दिखी। यात्रा को कामयाब बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी जमकर पसीना बहाया।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 08:44 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 08:44 PM (IST)
तिरंगा संकल्प यात्रा में दिखी आम आदमी की ताकत, केजरीवाल ने बनाया माहौल
तिरंगा संकल्प यात्रा में दिखी आम आदमी की ताकत, केजरीवाल ने बनाया माहौल

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : हल्द्वानी पहुंचे आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तिरंगा संकल्प यात्रा के जरिये पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया। करीब पांच हजार लोगों की भीड़ अरविंद केजरीवाल का स्वागत करने को बेताब दिखी। यात्रा को कामयाब बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी जमकर पसीना बहाया।

उत्तराखंड में विधानसभा की सभी 70 सीटों पर चुनाव लडऩे का एलान कर चुकी आम आदमी पार्टी ने तिरंगा संकल्प यात्रा से लोगों को जोडऩे का प्रयास किया। अरविंद केजरीवाल पार्टी नेताओं के साथ अपराह्न ढाई बजे बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर पहुंचे। जहां वह आम आदमी पार्टी के रथ में सवार होकर तिरंगा संकल्प यात्रा में निकले। यात्रा शुरू करने से पहले केजरीवाल ने दो मिनट के लिए जनता को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की ही तरह उत्तराखंड की जनता भी बदलाव चाहती है। केजरीवाल ने कांग्रेस व भाजपा के बाद आप को भी मौका देने की अपील की। इस दौरान केजरीवाल हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे।

यात्रा में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता हाथ में तिरंगा, आप का झंडा, झाड़ू लेकर संकल्प रथ के आगे-पीछे चलते रहे। वहीं केजरीवाल की एक झलक पाने के लिए रथ के आसपास सबसे ज्यादा भीड़ दिखाई दी। केजरीवाल के साथ कर्नल (रि.) अजय कोठियाल, उत्तराखंड के कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, दिल्ली विधायक प्रवीण कुमार, प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, पूर्व डीआइजी अनंत राम चौहान आदि मौजूद थे।

ट्रैफिक जाम में फंसे आम लोग

तिरंगा संकल्प यात्रा के दौरान पुलिस भीड़ को लेकर अंदाजा नहीं लगा सकी। जिसके चलते यात्रा की शुरुआत स्थल के आसपास वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान पुलिस के वाहन भी जाम में फंसे नजर आए। जिससे करीब एक घंटे तक यातायात रेंगता रहा। बरेली रोड, नैनीताल रोड के अलावा रामपुर रोड व कालाढूंगी रोड तक जाम रहा। वहीं, यात्रा आगे पहुंची तो पुलिस ने डायवर्जन कर यातायात नियंत्रित करने का भी प्रयास किया।

बैंड की धुन पर नाचे कार्यकर्ता

तिरंगा संकल्प यात्रा में बैंड बाजे की बुकिंग भी की गई थी। जिसकी धुन पर कार्यकर्ता पूरी यात्रा के दौरान थिरकते रहे। वहीं, कुमाऊंनी व देशभक्ति गीतों पर भी यात्रा में शामिल लोग नाचते रहे।

साढ़े चार घंटे बिताए कुमाऊं में

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल कार्यक्रम के दौरान करीब पांच घंटे कुमाऊं में रहे। दिल्ली से साढ़े 11 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे केजरीवाल दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस काठगोदाम पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं से वार्ता के बाद उन्होंने नैनीताल रोड स्थित वाटिका बैंक्वेट हॉल में एक बजे प्रेस प्रतिनिधियों से बात की। इसके बाद वह फिर से सर्किट हाउस पहुंचे। जहां करीब आधा घंटा गुजारने के बाद ढाई बजे बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर पहुंचे। जहां से उन्होंने तिरंगा संकल्प यात्रा की शुरुआत की। करीब साढ़े तीन बजे तक यात्रा पूरी करने के बाद वह सर्किट हाउस गए। शाम चार बजे तक वह वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

chat bot
आपका साथी