जल्‍द बदल जाएगी नैनीताल के डीएसए खेल मैदान की सूरत, प्रशासन ने बनाया ये प्लान

शहर का एकमात्र खेल मैदान अब नए रूप में नजर आएगा। एसडीएम प्रतीक जैन ने मैदान के कायाकल्प को लेकर प्लान तैयार किया है। यहां गेट लगाने के साथ ही दर्शकों के बैठने की भी व्यवस्था की जाएगी। डीएसए खेल मैदान शहर की ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 08:38 AM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 08:38 AM (IST)
जल्‍द बदल जाएगी नैनीताल के डीएसए खेल मैदान की सूरत, प्रशासन ने बनाया ये प्लान
जल्‍द बदल जाएगी नैनीताल के डीएसए खेल मैदान की सूरत, प्रशासन ने बनाया ये प्लान

नरेश कुमार, नैनीताल : शहर का एकमात्र खेल मैदान अब नए रूप में नजर आएगा। एसडीएम प्रतीक जैन ने मैदान के कायाकल्प को लेकर प्लान तैयार किया है। यहां गेट लगाने के साथ ही दर्शकों के बैठने की भी व्यवस्था की जाएगी। डीएसए खेल मैदान शहर की ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है। 1880 के भारी भूस्खलन के बाद इस मैदान का निर्माण हुआ था, जिसके बाद अंग्रेजों ने यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और अन्य आयोजन कराने शुरू कर दिए थे।

आजादी के बाद भी यह मैदान खेल गतिविधियों में शुमार रहा। यहां राष्ट्रीय स्तर की हाकी, फुटबाल, क्रिकेट प्रतियोगिताओं के साथ ही अन्य खेल गतिविधियां भी हो चुकी हैं, मगर इधर देखरेख के अभाव में मैदान की हालत खस्ता हो गई है। हाई कोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद पर्यटन सीजन बढऩे पर कई बार खेल मैदान में वाहन पार्क कर दिए जाते है। इसे रोकने और इसके सुंदरीकरण को लेकर अब जिला प्रशासन ने प्लान तैयार किया गया है।

लगेंगे गेट, बनेगी जालीयुक्त सुरक्षा दीवार

एसडीएम प्रतीक जैन ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिताओं के समय कई बार गेंद से पार्किंग में खड़े वाहनों से शीशे टूट जाते हैं। इसके अलावा सामने आया है कि पार्किंग संचालक कई बार वाहन मैदान के भीतर तक पार्क करा देता है। इसकी रोकथाम के लिए यहां पार्किंग की ओर जालीयुक्त सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। साथ ही दोनों ओर दो गेट भी लगाए जाएंगे। दर्शकों के बैठने के लिए बेंच भी लगाए जाएंगे। इन सब के लिए स्टीमेट बनवा लिया गया है। बजट जारी होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

शहर की सबसे बड़ी समस्या का समाधान करने की भी है योजना

शहर के मल्लीताल पंत पार्क में अवैध रूप से फड़ संचालन पालिका ही नहीं जिला प्रशासन के लिए भी सिरदर्द बना हुआ है। एसडीएम ने बताया कि गेट और जाली लगने के बाद पार्किंग की ओर मैदान में फड़ कारोबारियों को विस्थापित करने की भी योजना है। इसको लेकर वेंडर जोन कमेटी और पालिका के साथ बैठक कर निर्णय होना है। यदि पात्र 121 फड़ कारोबारियों को इस स्थान से विस्थापित कर दिया गया तो पंत पार्क से अतिक्रमण की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी