फैक्ट्री से लूटे गए तांबे के साथ कबाड़ी सहित दो गिरफ्तार

सिडकुल की नीलगिरी इलेक्ट्रिकल्स कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर तांबा लूटने की घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Dec 2020 08:10 PM (IST) Updated:Mon, 28 Dec 2020 10:23 PM (IST)
फैक्ट्री से लूटे गए तांबे के साथ कबाड़ी सहित दो गिरफ्तार
फैक्ट्री से लूटे गए तांबे के साथ कबाड़ी सहित दो गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, हरिद्वार: सिडकुल की नीलगिरी इलेक्ट्रिकल्स कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर तांबा लूटने की घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर और लूट का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को सिडकुल थाने की पुलिस ने धर दबोचा। उनकी निशानदेही पर लूटा गया तांबा और करीब ढाई लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। सीओ सदर पूर्णिमा गर्ग ने सोमवार को सिडकुल थाने में प्रेस काफ्रेंस कर लूट की घटना का पर्दाफाश किया।

औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल स्थित नीलगिरी इलेक्ट्रिकल्स कंपनी में 20 दिसंबर की रात कुछ बदमाश दीवार फांदकर अंदर जा घुसे और सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर तांबे के सात बंडल लूटकर ले गए थे। इस मामले में फैक्ट्री मैनेजर डीएम त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया था। सिडकुल थानाध्यक्ष लखपत बुटोला के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छानबीन करते हुए क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र के माध्यम से भी जानकारी जुटाई। पुख्ता साक्ष्य हाथ लगने पर एक पुलिस टीम ने सोमवार को रोशनाबाद तिराहा पर एक महिद्रा बुलेरो पिकअप को रोकते हुए उसके चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शैलेश कुमार निवासी ग्राम परबलपुर इस्लामपुर जिला नालंदा बिहार हाल पता ग्राम हेतमपुर सिडकुल हरिद्वार बताया। उसके कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 200 किलो तांबा बरामद हुआ। थाने लाकर पूछताछ करने पर शैलेश ने बताया कि उसने अपने साथी कमल निवासी सीतापुर ज्वालापुर हरिद्वार व अंकुश और मनोज निवासीगण मुजफ्फरनगर के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया था। 250 किलो कॉपर ज्वालापुर ईदगाह रोड पर कबाड़ी तनवीर को उसके दुकान व गोदाम पर ले जाकर बेचा था। करीब 1500 किलोग्राम तांबा अंकुश, कमल और मनोज ने जगाधरी, हरियाणा में मंजीत के माध्यम से बेचा है। पुलिस ने तनवीर के गोदाम पर छापा मारकर 250 किलो तांबा और बरामद किया और कबाड़ी तनवीर को भी गिरफ्तार कर लिया। सीओ पूर्णिमा गर्ग ने बताया कि शैलेश के साथी कमल, अंकुश और मनोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम में एसओ सिडकुल लखपत बुटोला, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक प्रदीप रावत, उपनिरीक्षक सोहन रावत, कांस्टेबल प्रेम सिंह, अनिल, सतीश नौटियाल, अरुण कैंतुरा शामिल रहे।

गंगनहर में बहा दी डीवीआर और रिले

हरिद्वार: पुलिस से बचने के लिए शातिरों ने हर हथकंडे अपनाए। लेकिन पुलिस ने भी रात दिन एक कर उन्हें ढूंढ निकाला। एसओ सिडकुल लखपत बुटोला ने बताया कि पकड़े जाने के डर से लुटेरे फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर अपने साथ ले गए थे। उसे ज्वालापुर जाकर गंगनहर में बहा दिया गया। कॉपर वायर उतारने के बाद कबाड़ी ने रिले भी गंगनहर में फेंकी थी। सिडकुल क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कहीं लुटेरे पकड़ में न आ जाएं, इसलिए वह घंटों तक सिडकुल में ही एक जगह से दूसरी जगह घूमते रहे। सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से मिलान करने और फुटेज के आधार पर पीछा करते हुए साक्ष्य जुटाए गए।

गार्ड को बाथरूम में बनाया बंधक

हरिद्वार: एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि आरोपित जैसे ही दीवार फांदकर फैक्ट्री में कूदे, तभी सिक्योरिटी गार्ड जाग गया। शैलेश, अंकुश, मनोज व कमल ने गार्ड के साथ मारपीट करते हुए उसके हाथ पैर बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया था। बताया कि बरामद हुए कॉपर की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है। शैलेश जिस बोलेरो पिकअप के साथ पकड़ा गया है, उसी का इस्तेमाल कंपनी से कॉपर ले जाकर बेचने में किया गया था।

च नौती के बीच हासिल की सफलता

हरिद्वार: 20 दिसंबर को ही ऋषिकुल क्षेत्र में बच्ची से दुष्कर्म की घटना हुई थी। उसी रात में फैक्ट्री से लूट हुई। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस ने आरोपित राजीव की गिरफ्तारी और सिडकुल के लुटेरों को ढूंढने में एक साथ काम किया। एसओ सिडकुल लखपत बुटोला ने भी दोहरी जिम्मेदारी निभाई। रात में एसओ बुटोला की ड्यूटी ऋषिकुल क्षेत्र में रही, दिन में उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर लुटेरों की खोजबीन की। एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस ने एसओ सहित पूरी टीम को बधाई व शाबाशी दी है।

chat bot
आपका साथी