देर रात से दिन निकलने तक चलता है खनन का खेल

देर रात से दिन निकलने तक खनन का खेल चल रहा है। यह एक या दो जगह की बात नहीं बल्कि देहात क्षेत्र में हर जगह के यही हालात हैं। कलियर और रुड़की में सोलानी नदी से खनन करने वाले वाहनों से पुल पर सुबह के समय लंबी कतार लग जाती है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 07:14 PM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 07:14 PM (IST)
देर रात से दिन निकलने तक  चलता है खनन का खेल
देर रात से दिन निकलने तक चलता है खनन का खेल

जागरण संवाददाता, रुड़की : देर रात से दिन निकलने तक खनन का खेल चल रहा है। यह एक या दो जगह की बात नहीं, बल्कि देहात क्षेत्र में हर जगह के यही हालात हैं। कलियर और रुड़की में सोलानी नदी से खनन करने वाले वाहनों से पुल पर सुबह के समय लंबी कतार लग जाती है। कई बार मार्निंग वाक पर जाने वाले सीनियर सिटीजन इसकी शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस इन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही।

शहर से देहात तक खनन का खेल जारी है। पुलिस की ढिलाई के चलते ही खनन माफिया के हौसले बढ़ रहे हैं। खनन के खेल को पुलिस और प्रशासन के अधिकारी नहीं रोक पा रहे हैं। अलसुबह ही नदियों में जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली से खनन होने लगता है। सुबह के समय शहर के कई सड़कों पर खनन के वाहन गुजरते देखे जा सकते हैं। सड़कों पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों से हादसों की आशंका बन रही है। वहीं देहात क्षेत्र के रामपुर, इब्राहिमपुर, जलालपुर, टोड़ा कल्याणपुर, बेलड़ा, केल्हनपुर, कान्हापुर, ढंडेरी, किशनपुर, पुहाना, छांगामजरी, करौंदी, किशनपुर, खुब्बनपुर, कलियर, बाजूहेड़ी , नारसन का सकौती घाट जैसे कई गांव में धड़ल्ले से खनन हो रहा है। खनन के वाहनों से इन गांव के कई संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। जिसकी वजह से ग्रामीण काफी परेशान हैं। पुलिस भी दबाव पड़ने पर सड़क पर दौड़ने वाले एक या दो वाहनों को ही सीज कर खानापूर्ति करने में लगी है। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस को खनन की शिकायत मिलती है, तो पुलिस कार्रवाई करती है। खनन के खिलाफ हीलाहवाली करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी