स्मार्ट कार्ट का विरोध, लघु व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

वेंडिग जोन के लिए स्मार्ट कार्ट खरीदने में लघु व्यापारियों ने असमर्थता जताई है। उन्होंने कार्ट को महंगा बताते हुए इसे जबरदस्ती थोपे जाने का भी आरोप लगाया है। इसे लेकर लघु व्यापारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया। साथ ही लघु व्यापार संघ के प्रदेश अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 04:47 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 04:47 PM (IST)
स्मार्ट कार्ट का विरोध, लघु व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
स्मार्ट कार्ट का विरोध, लघु व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

संवाद सहयोगी, रुड़की: वेंडिग जोन के लिए स्मार्ट कार्ट खरीदने में लघु व्यापारियों ने असमर्थता जताई है। उन्होंने कार्ट को महंगा बताते हुए इसे जबरदस्ती थोपे जाने का भी आरोप लगाया है। इसे लेकर लघु व्यापारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया। साथ ही, लघु व्यापार संघ के प्रदेश अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की।

नगर निगम पुल से मलकपुर चुंगी तक स्मार्ट वेंडिग जोन बनाया जा रहा है। यहां पर करीब 100 वेंडर को स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर इस स्मार्ट वेंडिग जोन का शुभारंभ होगा। इसके लिए लघु व्यापार एसोसिएशन एक कंपनी के माध्यम से स्मार्ट कार्ट खरीद रहा है। यह कार्ट सभी वेंडरों को दी जाएगी। एक कार्ट की कीमत एक लाख आठ हजार रुपये बताई जा रही है। बुधवार को कार्ट के विरोध में कई लघु व्यापारी एकत्रित होकर नगर निगम पहुंचे। ज्ञापन देने आए लघु व्यापारी नेता साजिद ने बताया कि वह पूरा दिन फल-सब्जी बेचकर मुश्किल से परिवार के लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम कर पाते हैं। ऐसे में वह इतनी महंगी कार्ट कैसे खरीद सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्ट की कीमत 1.08 लाख रुपये बताई गई है। यदि वह इसके लिए ऋण लेते हैं तो उन्हें यह कार्ट डेढ़ लाख रुपये की मिलेगी। वह इस कार्ट को खरीदने में असमर्थ हैं। उन पर अनावश्यक रूप से कार्ट खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने नगर आयुक्त से इसमें हस्तक्षेप करने की मांग की है। आरोप लगाया कि लघु व्यापार एसोसिएशन की ओर से उन पर इसे खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। यह भी आरोप लगाया कि इसके लिए फार्म भरने के नाम पर 500-500 रुपये भी वसूले गए हैं। इस दौरान लघु व्यापारियों ने लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस मौके पर रशीद, हसीब, शाहनवाज, आफताब, मोहतरम, शमीम, मोहित, सावेज, दानिश, साकिर, जिशान, कफिल, श्याम करण, अफशान, मेहरबान एवं बिट्टू आदि मौजूद रहे।

----

स्मार्ट कार्ट खरीदना या न खरीदना, यह लघु व्यापारी का अधिकार है। जो कार्ट खरीदना चाहते हैं वह खरीद सकते हैं। नगर निगम का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है। वेंडिग जोन को बसाना और उसमें सुविधाएं उपलब्ध कराना यह निगम का कार्य है। जो निगम करा रहा है। कार्ट खरीदने के लिए किसी वेंडर पर कोई दबाव नहीं बनाया जा सकता है।

-नूपुर वर्मा, नगर आयुक्त, नगर निगम रुड़की

chat bot
आपका साथी