टूटती सांसों की डोर बनेगी भगवानपुर पुलिस

भगवानपुर स्थित कोविड अस्पताल में अब मरीजों की टूटती सांस के लिए पुलिस डोर का काम करेगी। कोविड अस्पताल में आक्सीजन सिलिडर की कमी से जो मरीज भर्ती नहीं हो पा रहे थे। अब ऐसे मरीजों के लिए आपातकालीन स्थिति में भगवानपुर पुलिस आक्सीजन की व्यवस्था करेगी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 08:16 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 08:16 PM (IST)
टूटती सांसों की डोर बनेगी भगवानपुर पुलिस
टूटती सांसों की डोर बनेगी भगवानपुर पुलिस

केके शर्मा, रुड़की

भगवानपुर स्थित कोविड अस्पताल में अब मरीजों की टूटती सांस के लिए पुलिस डोर का काम करेगी। कोविड अस्पताल में आक्सीजन सिलिडर की कमी से जो मरीज भर्ती नहीं हो पा रहे थे। अब ऐसे मरीजों के लिए आपातकालीन स्थिति में भगवानपुर पुलिस आक्सीजन की व्यवस्था करेगी। इसके लिए पुलिस ने थाने में आक्सीजन सिलिडर का स्टॉक भी बनाया है।

इस समय पूरे देश में कोविड मरीजों के लिए आक्सीजन की कमी बनी हुई है। तीन दिन पहले रुड़की स्थित विनय विशाल हेल्थ केयर अस्पताल में आक्सीजन की कमी से पांच मरीजों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रदेशभर में हड़कंप मच गया था। इसके बाद कई बार अन्य कोविड अस्पतालों में भी आक्सीजन की कमी हुई, लेकिन समय रहते इसे पूरा कर लिया गया। वहीं रुड़की और भगवानपुर के कोविड अस्पतालों में आक्सीजन की कमी के चलते मरीज भर्ती नहीं किए जा रहे हैं। मरीजों के लिए आक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए स्वजन भी दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं। भगवानपुर पुलिस अब ऐसे मरीजों के लिए मददगार बनेगी। भगवानपुर में आरोग्यम अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाया गया है। कई बार यहां आक्सीजन की कमी के चलते मरीजों को भर्ती करने में परेशानी हुई। इसे देखते हुए अब भगवानपुर पुलिस ने आरोग्यम अस्पताल प्रबंधन को आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए आक्सीजन सिलिडर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन से थाना प्रभारी ने वार्ता कर पूरी योजना तैयार की है। इसके लिए भगवानपुर पुलिस ने थाना परिसर में 20 आक्सीजन सिलिडर का स्टॉक भी जमा किया है। थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि अब मरीजों के लिए आपातकालीन स्थिति में पुलिस आक्सीजन उपलब्ध कराएगी। आने वाले समय में आक्सीजन सिलिडर का स्टॉक बढ़ाया जाएगा।

-------------

आपातकालीन समय में भी मददगार बनेगी पुलिस

भगवानपुर पुलिस उन मरीजों के लिए भी आपातकालीन स्थिति में आक्सीजन सिलिडर उपलब्ध कराएगी, जिन्हें आक्सीजन सिलिडर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे कई मरीज घरों में ही आइसोलेट हैं, जिन्हें आक्सीजन की जरूरत है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पहले भी कई बार मरीजों की कई ऐसे मरीजों को अस्पताल में बेड उपलब्ध कराया गया है, जिन्हें पहले अस्पताल की तरफ से मना कर दिया गया था।

-------------

उखड़ती सांसों को खाकी ने दी आक्सीजन

झबरेड़ा: मोहल्ला धोबियान निवासी राहुल ने थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार को आपबीती सुनाई तो थानाध्यक्ष ने बिना किसी देरी थाने से सिलिडर उपलब्ध करा दिया। आक्सीजन मिलने के बाद से युवक के पिता की तबीयत में सुधार है। झबरेड़ा कस्बा निवासी राहुल ने बताया कि उनके पिता को कोविड के चलते सांस लेने में दिक्कत है। घर पर ही उनका उपचार चल रहा है। शनिवार को उनके पिता का आक्सीजन लेवल 80 से कम हो गया। उन्हें बेचैनी होने लगी। चिकित्सक ने आक्सीजन लगाने को कहा। झबरेड़ा कस्बा एवं आसपास में उसे कहीं आक्सीजन सिलिडर नहीं मिला। वह भागदौड़ करता रहा। थक हारकर उसने झबरेड़ा थानाध्यक्ष को फोन किया। थानाध्यक्ष ने तभी सिलिडर उपलब्ध कराया। इसके बाद युवक के पिता को आक्सीजन लग सकी। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस जरूरतमंद की हरसंभव मदद कर रही है। जरूरी काम हो तो ही घर से बाहर निकलें।

chat bot
आपका साथी