बोर्ड बैठक स्थगित करने भड़के पार्षद, महापौर का फूंका पुतला

नगर निगम रुड़की की बोर्ड बैठक स्थगित किए जाने को लेकर पार्षद भड़क गए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 06:17 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 06:17 PM (IST)
बोर्ड बैठक स्थगित करने भड़के पार्षद, महापौर का फूंका पुतला
बोर्ड बैठक स्थगित करने भड़के पार्षद, महापौर का फूंका पुतला

संवाद सहयोगी, रुड़की: नगर निगम रुड़की की बोर्ड बैठक स्थगित किए जाने को लेकर पार्षद भड़क गए। इसके चलते बुधवार को पार्षदों ने महापौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने मिलकर महापौर का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि महापौर के कारण ही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त नहीं हो पा रही है।

नगर निगम की बोर्ड बैठक 30 जुलाई होनी थी। इसके लिए पार्षदों को बैठक की सूचना के साथ ही एजेंडा भी प्राप्त करा दिया था। पार्षदों ने मंगलवार को सफाई कर्मचारियों से वार्ता की थी। उन्हें हड़ताल वापस लेने के लिए कहा था। साथ ही उनसे वादा किया था कि उनकी स्थानीय स्तर से पूरी होने वाली मांगों को वे बोर्ड बैठक में रखेंगे। उनकी मांगों को बोर्ड के जरिये पूरा कराया जाएगा। सफाई कर्मचारी भी इसको लेकर आश्वस्त हो गए थे। पार्षद बेबी खन्ना, नितिन त्यागी व आशीष अग्रवाल ने बताया कि बोर्ड बैठक में कर्मचारियों की मांगों को रखा जाना था। महापौर गौरव गोयल ने बिना किसी कारण के बोर्ड बैठक को स्थगित कर दिया है। हड़ताली सफाई कर्मचारी अब उनसे पूछ रहे हैं कि उनकी मांगें कैसे पूरी होंगी। इसी के चलते कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल जारी रखी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर को शहर की कोई चिता नहीं है। उनकी ओर से कोई ठोस प्रयास इसके लिए नहीं किया गया। पार्षद इसमें आगे आए तो महापौर ने बोर्ड बैठक ही स्थगित कर दी। इस बात से नाराज पार्षदों ने नगर निगम महापौर के खिलाफ जुलूस निकाला और फिर चंद्रशेखर चौक पर उनका पुतला फूंका। इस मौके पर पार्षद मोहसीन, हेमा बिष्ट, प्रमोद पाल, धीराज, विजय रावत, हरीश शर्मा, कुलदीप तोमर आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी