Farmers Protest: किसानों ने दिल्ली-देहरादून हाईवे किया जाम, कहा- मनमानी पर उतर आई है सरकार
Farmers Protest हरियाणा और पंजाब में चले किसानों के आंदोलन के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन की ओर से हरिद्वार के मंगलौर और गुरु मंडी पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना भी साधा।
रुड़की(हरिद्वार), जेएनएन। Farmers Protest भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने विभिन्न मांगों को लेकर मंगलौर गुड़ मंडी के सामने दिल्ली-देहरादून हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। साथ ही, कृषि संशोधन कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की। दो घंटे बाद दोपहर दो बजे किसानों ने जाम खोल दिया। शनिवार को जिले के किसान दिल्ली के लिए कूच करेंगे।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर देश में शुक्रवार को भाकियू ने चक्काजाम का एलान किया था। शुक्रवार सुबह भाकियू के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान मंगलौर गुड़ मंडी पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने हाईवे जाम कर दिया। इस मौके पर गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी है। किसानों का प्रत्येक स्तर पर उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो तीन कृषि कानून बनाए गए हैं, वह किसानों के लिए लाभकारी होने के बजाय उत्पीड़न साबित होगी।
उन्होंने कानूनों को तत्काल निरस्त करने की मांग की। साथ ही, किसान की कर्जमाफी भी जरूरी है। जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह किसान विरोधी रवैया अपना रही है। दिल्ली में किसान अपनी बात करने के लिए सरकार के पास जा रहे हैं, लेकिन सरकार उन पर लाठियां बरसा रही है। उनका रास्ता रोका जा रहा है। किसान अब किसी भी सूरत में नहीं रुकेगा। इस मौके पर प्रदेश सचिव रवि चौधरी, ओमप्रकाश, अश्वनी प्रधान, बालेंद्र सिंह, कुलदीप सैनी, संजीव सैनी, अरविंद राठी, नीटू, संजय, अरसद, इकबाल आदि मौजूद रहे।
दो घंटे तक यातायात रहा बाधित
किसानों के जाम के चलते दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। हालांकि उत्तर प्रदेश में भी जाम के चलते हाईवे से कम संख्या में ही वाहन रुड़की की ओर आ सके। अन्य दिनों की तुलना में वाहनों की संख्या कम रही। वहीं कुछ वाहनों को संपर्क मार्ग से निकाला गया।
उत्तराखंड किसान मोर्चा ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
उत्तराखंड किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रुड़की स्थित शताब्दी द्वार के समीप सरकार का पुतला आग के हवाले कर दिया। साथ ही सरकार से किसानों का उत्पीडऩ बंद करने की मांग उठाई। शुक्रवार को उत्तराखंड किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष महकार सिंह के नेतृत्व में किसान सुरेंद्र लंबरदार, नरेश लौहान, सुक्रमपाल, आकिल हसन, विरेंद्र सैनी, राजकुमार, मोनू प्रधान, मुर्करम आदि किसान नारेबाजी करते हुए रुड़की टॉकिज पर एकत्र हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों का उत्पीड़न करने पर उतर आई है। सरकार को किसान की नहीं औद्योगिक घरानों की चिंता है।