किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 1750 किसानों के नाम पर 36 करोड़ 50 लाख की ठगी, पढ़िए पूरी खबर

किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1750 किसानों को मिलने वाली लोन की 36 करोड़ 50 लाख की रकम धोखाधड़ी कर हड़प ली गयी। पंजाब नेशनल बैंक ने यह रकम किसानों के खाते से साठगांठ कर इकबालपुर चीनी मिल के खातों में भेजी थी।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 04:50 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 08:42 PM (IST)
किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 1750 किसानों के नाम पर 36 करोड़ 50 लाख की ठगी, पढ़िए पूरी खबर
किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 1750 किसानों के नाम पर 36 करोड़ 50 लाख की ठगी।

संवाद सूत्र, झबरेड़ा (हरिद्वार)। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1750 किसानों को मिलने वाली लोन की 36 करोड़ 50 लाख की रकम धोखाधड़ी कर हड़प ली गयी। पंजाब नेशनल बैंक ने यह रकम किसानों के खाते से साठगांठ कर इकबालपुर चीनी मिल के खातों में भेजी थी। यह मामला करीब 14 साल पुराना है। इस मामले में किसान नेता ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया था। जिसके बाद यह मुकदमा दर्ज किया गया है।

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह भाटी ने 27 फरवरी 2021 को एसएसपी हरिद्वार को एक शिकायती पत्र दिया था। जिसमें बताया था कि वर्ष 2007- 2008 में किसान क्रेडिट योजना के अंतर्गत किसानों को गन्ने की फसल के लिए बीज कीटनाशक आदि ऋण दिया जाना था। इस ऋण की अधिकतम सीमा 3 लाख रुपये थी। योजना के तहत किसानों की पहचान एवं विवरण इकबालपुर चीनी मिल को करनी थी। इसके बाद इकबालपुर पीएनबी की तरफ से किसानों के खाते में यह रकम भेजी जानी थी। इसके लिए किसानों के बैंक खाते खुलवाए गए। पीएनबी की तरफ से क्षेत्र के 1750 किसानों के बैंक खाते में 36 करोड़ 50 लाख की धनराशि भेजी गई।

आरोप है कि इसके बाद इकबालपुर चीनी मिल के प्रबंधन तंत्र ने पीएनबी के कर्मचारियों के साथ सांठगांठ कर यह रकम किसानों के खाते से इकबालपुर चीनी मिल के खाते में स्थानांतरित करा दी। इसकी जानकारी किसानों को नहीं हो पाई, जबकि यह रकम किसानों को दी जानी थी। पंकज भाटी ने शिकायती पत्र में यह भी बताया था कि किसानों के दस्तावेज से ही उनके बैंक खाते खोले गए थे। हाल ही में इसकी जानकारी पदम भाटी को हुई थी।

इस पूरे फर्जीवाड़े में एसएसपी से कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायती पत्र मिलने पर एसएसपी सेंथिल अवूधई कृष्ण राज एस  ने मामले की जांच कराई थी। जांच में मामला सही पाया गया। झबरेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने इकबालपुर चीनी मिल के प्रबंधन एवं पीएनबी के तत्कालीन कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मुकदमे की जांच में जिस किसी के भी  नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें-साइबर ठगों ने 12 व्यक्तियों से ठगे साढ़े 23 लाख, पुलिस ने शुरू की जांच

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी