रुड़की में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, लाखों रुपये का हुआ नुकसान

इमलीरोड पर कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने गोदाम पर बने मकान को भी चपेट में ले लिया। आग से मकान का कुछ हिस्सा भी गिर गया। आग बुझाने के प्रयास में दमकल कर्मचारी अतर सिंह भी झुलस गए जबकि एक कर्मचारी हरीश घायल हो गए।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Mon, 12 Jul 2021 12:24 PM (IST) Updated:Mon, 12 Jul 2021 04:34 PM (IST)
रुड़की में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, लाखों रुपये का हुआ नुकसान
रुड़की: कबाड़ी की दुकान में लगी आग ने लिया विकराल रूप।

जागरण संवाददाता, रुड़की।  इमलीरोड पर कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने गोदाम पर बने मकान को भी चपेट में ले लिया। आग की वजह से मकान का कुछ हिस्सा भी गिर गया। आग बुझाने के प्रयास में दमकल कर्मचारी अतर सिंह भी झुलस गए, जबकि एक कर्मचारी हरीश घायल हो गए। झुलसे अतर सिंह को देहरादून रेफर किया गया है। देर शाम साढ़े सात बजे बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

रुड़की के इमलीरोड पर इस्लाम का कबाड़ का गोदाम है। गोदाम के ऊपर ही इस्लाम का घर है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक ही गोदाम में आग लग गई। गोदाम में एल्युमिनियम और स्टील का सामान था। इस्लाम ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। पानी डालते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

आग इतनी तेजी से फैली की उसने गोदाम पर बने मकान को भी चपेट में ले लिया। पुलिस ने गोदाम के आसपास स्थित घरों को खाली कराया। आग बुझाने के लिए जिले के सभी फायर स्टेशन से फाम टेंडर की सात गाड़ि‍यां बुलाई गई। गोदाम के अंदर आग लगने के दौरान कई धमाके भी हुए। आशंका जताई जा रही है कि गोदाम में कैमिकल होने के चलते आग भड़की थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर स्टेशन अधिकारी देवेंद्र नेगी ने बताया कि आग लगने की वजह और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

कई घंटे तक सुलगती रही आग

गोदाम में एल्युमनियिम और स्टील समेत अन्य तरह का कबाड़ होने की वजह से आग देर शाम तक लगी रही। आग बुझाने के लिए रुड़की फायर स्टेशन की दो गाड़ि‍यों के साथ ही लक्सर, सिडकुल, मंगलौर, मायापुर, भगवानपुर फायर स्टेशन से एक-एक गाड़ी बुलानी पड़ी।

भीड़ हटाने में करनी पड़ी मशक्कत

आग लगने के बाद मौके पर काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने कई बार लाठी फटकारते हुए भीड़ को वहां से खदेड़ा। इस दौरान कुछ युवकों से पुलिस की नोकझोंक भी होती रही।

जाम में फंसी दमकल की गाड़ी

इमलीरोड स्थित कबाड़ के गोदाम में आग लगने के बाद दमकल की एक गाड़ी गांधी वाटिका में पानी लेने के लिए आई थी। इसी दौरान वापस जाते समय शहीद चंद्र शेखर आजाद चौक पर दमकल की गाड़ी जाम में फंस गई। यहां से गाड़ी निकली तो नये पुल पर भी जाम लगा था।

आबादी में गोदाम, उठे सवाल

इमलीरोड पर आबादी के बीच गोदाम होने से प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इमलीरोड ही नहीं शहर और देहात में कई जगह आबादी में गोदाम चल रहे हैं। इससे बड़े हादसे की आशंका है। इसे लेकर अब दमकल विभाग की टीम भी एक रिपोर्ट तैयार कर रही है। यह रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी जाएगी।

यह भी पढ़ें- अल्‍मोड़ा में आधी रात को आग की लपटों में घिरी महिला ने बचाने की लगाई गुहार, कुछ ही देर में दर्दनाक मौत

chat bot
आपका साथी