किसानों का मिल गेट पर धरना, घंटों बाधित रहा यातायात

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने सोमवार को बकाया गन्ना भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर इकबालपुर चीनी मिल गेट पर धरना दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Dec 2020 05:38 PM (IST) Updated:Mon, 14 Dec 2020 05:38 PM (IST)
किसानों का मिल गेट पर धरना, घंटों बाधित रहा यातायात
किसानों का मिल गेट पर धरना, घंटों बाधित रहा यातायात

संवाद सूत्र, झबरेड़ा : राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने सोमवार को बकाया गन्ना भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर इकबालपुर चीनी मिल गेट पर धरना दिया। इस दौरान घंटों यातायात बाधित रहने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह भाटी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने मिल गेट पर जमकर हंगामा किया। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इकबालपुर चीनी मिल लगातार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। उनके बकाया गन्ने का भुगतान नहीं किया जा रहा है। पिछले पेराई सत्र के भुगतान को लेकर मिल प्रबंधन ने वायदा किया था कि पेराई सत्र से पहले किसानों के समस्त गन्ने का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। इसके अलावा चीनी मिल मौजूदा पेराई सत्र में किसानों को परेशान कर रही है। बाहर का गन्ना खरीदा जा रहा है। स्थानीय किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। काफी देर तक हंगामा होता रहा। इसी बीच किसानों की भीड़ बढ़ जाने से इकबालपुर-झबरेड़ा मार्ग बंद हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसी तरह से किसानों को शांत कराया गया। इसके बाद यातायात को सुचारू किया गया। इसी बीच चीनी मिल के प्लांट हेड सुरेश शर्मा किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसान संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने वायदा किया कि पिछले पेराई सत्र का पूरा भुगतान 30 दिसंबर तक कर दिया जाएगा। वर्तमान पेराई सत्र का भुगतान भी तीन दिन के अंदर शुरू हो जाएगा। इस मौके पर प्रदेश संगठन सचिव डॉ. अनिल कुमार, जिलाध्यक्ष पहल सिंह, जुल्फिकार, अखलाक, महकार, रमेश, ऋषिपाल आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी