हड़ताल पर गए ऊर्जा निगम के कर्मचारी

उत्तराखंड विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले ऊर्जा निगम के कर्मचारी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं तब तक हड़ताल समाप्त नहीं होगी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 08:04 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 08:04 PM (IST)
हड़ताल पर गए ऊर्जा निगम के कर्मचारी
हड़ताल पर गए ऊर्जा निगम के कर्मचारी

जागरण संवाददाता, रुड़की : उत्तराखंड विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले ऊर्जा निगम के कर्मचारी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं तब तक हड़ताल समाप्त नहीं होगी।

मंगलवार को ऊर्जा निगम के कार्मिकों ने एसीपी की पुरानी व्यवस्था की बहाली, समान काम एवं समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बोट क्लब रोड स्थित उप महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान हुई बैठक में इं. संजीव कौशिक और इं. राजीव चौहान ने कहा कि संघर्ष मोर्चा अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर काफी समय से आंदोलन कर रहा है। लेकिन, 26 जुलाई को देहरादून में शासन के अधिकारियों से वार्ता विफल होने के बाद ही हड़ताल का निर्णय लिया गया। मोर्चा अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेगा। मोर्चा के पदाधिकारी दीपक शांडिल्य ने कहा कि ऊर्जा निगम में 30 सितंबर 2005 तक नियुक्त कार्मिकों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू की जाए। निगम में उपनल के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों को भी समान कार्य के अनुसार समान वेतन दिया जाए। निगम में निजीकरण का विरोध करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही उन्होंने अभियंता, अवर अभियंता और लेखा संवर्ग में नियमित भर्ती की मांग भी उठाई। मोर्चा के पंकज गौतम ने कहा कि अब कर्मचारी आर-पार की लड़ाई को तैयार हैं। ऊर्जा निगम का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी काम पर नहीं जाएगा। इस मौके पर बिजली कर्मचारी संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंन्द्र शर्मा, ईई अमित आनंद, ईई वीके गुप्ता, एसडीओ अंबिका यादव, एसडीओ विरेंद्र बिष्ट, संदीप, दीपक शुक्ला, दिनेश तिवारी, मनोज कुमार, अनिल मिश्रा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी