उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी बोले, हरिद्वार में बनेगा प्रदेश स्तरीय किसान भवन; ये घोषणाएं भी कीं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1451 समूह को मुख्यमंत्री एक करोड़ 87 हजार का चेक दिया। इस दौरान सीएम ने कहा सरकार की जो भी घोषणाएं होंगी उसे धरातल पर उतारा जाएगा। दफ्तरों में महिलाओं की शिकायतों को अधिकारी प्राथमिकता से सुनेंगे।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 04:40 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 10:00 PM (IST)
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी बोले, हरिद्वार में बनेगा प्रदेश स्तरीय किसान भवन; ये घोषणाएं भी कीं
सीएम धामी ने 1451 समूह को सौंपे एक करोड़ से ज्यादा के चेक।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय किसान भवन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने लालढांग क्षेत्र में झूला पुल का निर्माण, बहादरपुर जट में डिग्री कालेज, लालढांग के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सुदृढ़ीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद को संकल्पित है। सीएम ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से निर्मित उत्पाद बाजारों में नहीं बिक पाए। सरकार उनकी मदद को आगे आई है। 

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शाहपुर शीतलाखेड़ा स्थित रूपराज पैलेस में महिला स्वयं सहायता समूहों की एक दिनी कार्यशाला का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस का चूल्हा दिया गया। प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया। आयुष्मान भारत योजना का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मिल रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को रोजाना सुबह 10 से 12 बजे तक जनता की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर लक्सर विधायक संजय गुप्ता, खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, ज्वालापुर विधायक ज्वालापुर सुरेश राठौर, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान, लक्सर पालिका चेयरमैन अंबरीष गर्ग आदि मौजूद रहे।

स्वयं सहायता समूहों की मजबूती को सरकार प्रयासरत: स्वामी यतीश्वरानंद

ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने के लिए सरकार प्रयासरत है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।

1451 स्वयं सहायता समूहों को 111.27 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों को दिए जाने वाले ऋण पर ब्याज की प्रतिपूर्ति को 1451 स्वयं सहायता समूहों को 111.27 लाख रुपये जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने 14 सीएलएफ को पांच-पांच लाख रुपये के चेक वितरित किए। स्वयं सहायता समूहों को प्रमाण पत्र और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने वाले बैंकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

तीन माह के लिए छह हजार धनराशि के बांटे चेक

मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी में अपने रोजगार से प्रभावित कुल 3128 स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती दिए जाने के उद्देश्य से पूर्व घोषित छह माह तक प्रतिमाह 2000 रुपये की किस्त के हिसाब से तीन माह के लिए छह हजार की धनराशि के चेक वितरित किए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के स्टाल का भी निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने को प्रयासरत

chat bot
आपका साथी