छत का पंखा गिरने से कक्षा दस का छात्र घायल

कक्षा में छात्रों को पाठ पढ़ा रहे गुरुजी उस समय सकते में आ गए जब अचानक कक्ष की छत पर लगा पंखा एक छात्र के ऊपर गिर गया। इससे छात्र घायल हो गया। छात्र को सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 04:49 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 04:49 PM (IST)
छत का पंखा गिरने से कक्षा दस का छात्र घायल
छत का पंखा गिरने से कक्षा दस का छात्र घायल

जागरण संवाददाता, रुड़की : कक्षा में छात्रों को पाठ पढ़ा रहे गुरुजी उस समय सकते में आ गए, जब अचानक कक्ष की छत पर लगा पंखा एक छात्र के ऊपर गिर गया। इससे छात्र घायल हो गया। छात्र को सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया गया। गनीमत रहीं कि कोरोना संक्रमण के चलते छात्रों को शारीरिक दूरी का पालन करवाते हुए तकरीबन दो-दो मीटर की दूरी पर बैठाया गया था। इस कारण किसी दूसरे छात्र को कोई चोट नहीं लगी।

गुरुवार को राजकीय इंटर कालेज रुड़की में कक्षा दस की कक्षा में पंखा गिरने की घटना हुई। छात्र के ऊपर छत का पंखा गिर जाने की सूचना से स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। लाठरदेवा गांव निवासी कक्षा दस का छात्र अक्षय रोजाना की तरह गुरुवार की सुबह कालेज में पहुंचा और अपनी कक्षा में चला गया था। जब वह कक्षा में पढ़ रहा था तभी छत का पंखा उसके ऊपर गिर गया। इससे छात्र को चोट लग गई। छात्र के ऊपर पंखा गिरने की सूचना पर उसके स्वजन भी कालेज में पहुंच गए थे। आनन-फानन में छात्र को रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया गया। फिलहाल छात्र की हालत खतरे से बाहर है। स्वजन के अनुसार छात्र के सिर में चोट लगी है। कालेज के प्रधानाचार्य सुबोध कुमार मलिक ने बताया कि कालेज में कुछ पंखे पुराने लगे हुए हैं। उनको जल्द बदला जाएगा। बताते चले कि कक्षा में यदि शारीरिक दूरी के नियम का पालन ना किया जाता तो शायद कुछ और छात्रों को भी चोट लग सकती थी। वहीं स्कूल खुलने से पहले छात्रों की सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा किया था।

chat bot
आपका साथी