बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़के भाजपाई

भाजपा पार्षद दल ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने भाजपा पार्षद के खिलाफ दर्ज मुकदमे निरस्त करने और एसएनए की ओर से निगम एक्ट की धज्जियां उड़ाने के खिलाफ ललतारौ पुल से तुलसी चौक तक दल के नेता सुनील अग्रवाल गुड्डू उपनेता अनिरुद्ध भाटी और राजेश शर्मा के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Feb 2021 09:05 PM (IST) Updated:Tue, 02 Feb 2021 09:05 PM (IST)
बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़के भाजपाई
बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़के भाजपाई

जागरण संवाददाता, हरिद्वार: भाजपा पार्षद दल ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, भाजपा पार्षद के खिलाफ दर्ज मुकदमे निरस्त करने और एसएनए की ओर से निगम एक्ट की धज्जियां उड़ाने के खिलाफ ललतारौ पुल से तुलसी चौक तक दल के नेता सुनील अग्रवाल गुड्डू, उपनेता अनिरुद्ध भाटी और राजेश शर्मा के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा पार्षद दल के नेता सुनील अग्रवाल गुड्डू ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। समस्या के निराकरण की जगह महापौर और उनके पति पूर्व सभासद अशोक शर्मा राजनीतिक नौटंकी में व्यस्त हैं। आरोप लगाया कि महापौर की उदासीनता के चलते नगर निगम के कुछ अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। अपनी असफलता छिपाने को नकारा अधिकारी पार्षदों पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उपनेता अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर की सफाई होनी चाहिए। अपने पति के दवाब में महापौर शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी में लाने में असफल साबित हुई है। भाजपा पार्षदों के विरोध के बावजूद वह केआरएल को संरक्षण देती रही। अब जब केआरएल काम छोड़कर चली गई है तो वह दोबारा अपनी चहेती फर्म को व्यवस्था दिलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि महापौर को अविलंब नगर निगम की बैठक में बिना आज्ञा पार्षद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाले एसएनए के खिलाफ शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजनी चाहिए। उपनेता राजेश शर्मा ने कहा कि महापौर के पति और कांग्रेस के चंद नेता अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को भड़का कर नगर की सफाई व्यवस्था को पलीता लगाने का काम रहे हैं, जिसे भाजपा पार्षद दल बर्दाश्त नहीं करेगा। पार्षद लोकेश पाल और हितेश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस मानसिकता के अधिकारी जन समस्याओं के निदान में कोताही बरत रहे हैं। ऐसे अधिकारियों को अपनी कार्यशैली बदलनी होगी। विरोध प्रदर्शन में पार्षद सपना शर्मा, मोनिका सैनी, पिकी चौधरी, एकता गुप्ता, लोकेश पाल, योगेंद्र सैनी, हितेश चैधरी, नागेंद्र राणा, विनीत जौली, अनिल वशिष्ठ, श्रुति खेवड़िया, अनिल मिश्रा, राधेकृष्ण शर्मा, सचिन अग्रवाल, नितिन शर्मा माणा, नेपाल सिंह समेत कई पार्षद शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी