भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू: आनंद

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। देश में 60 साल तक कांग्रेस ने केंद्र में राज किया। लेकिन उसने हमेशा दलित शोषित एवं वंचित का रास्ता रोकने का काम किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 08:02 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 08:02 PM (IST)
भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू: आनंद
भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू: आनंद

जागरण संवाददाता, रुड़की : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। देश में 60 साल तक कांग्रेस ने केंद्र में राज किया। लेकिन, उसने हमेशा दलित, शोषित एवं वंचित का रास्ता रोकने का काम किया। भाजपा देश के संविधान को बदल देना चाहती है। बाबा साहब के सपनों को कुचलने का प्रयास कर रही है। लेकिन, बसपा के जागरूक कार्यकत्र्ता के ऐसा होने नहीं देंगे।

रविवार को रुड़की के नेहरू स्टेडियम में आयोजित बसपा के कार्यकत्र्ता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आकाश आनंद ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने संविधान दिया तो कांशीराम ने आंदोलन और बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संघर्ष कर समाज को जागरूक करने का काम किया। आज संगठन को मजबूत करने के लिए सबसे पहले युवाओं की हिस्सेदारी 50 फीसद होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव के लिए सत्ता की चाबी होना जरूरी है। आज बसपा से सरकार डरी हुई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों का एक ही एजेंडा है कि बसपा को सत्ता से बाहर रखना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बसपा के संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करना होगा। इस मौके पर राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने कहा कि कुछ लोग बंटवारे की राजनीति कर रहे हैं। लेकिन, वह जान लें कि बसपा के कार्यकत्र्ताओं की रगों में नीला रंग दौड़ रहा है। उत्तराखंड में परिवर्तन होगा और इसकी शुरुआत हरिद्वार से ही होगी।

इस मौके पर बसपा प्रदेश प्रभारी शमशुद्दीन राईन, प्रदीप जाटव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश गौतम, पूर्व विधायक शहजाद, खानुपर विधानसभा प्रभारी रविन्द्र पनियाला, आदित्य ब्रजवाल, सरवत करीम अंसारी, मदनलाल, मुर्करम अली, पूर्व विधायक हरिदास, सूजरमल, एसपी सिंह, समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

----------

शर्मा सहित कई ने ग्रहण की बसपा की सदस्यता

रुड़की: कार्यक्रम के दौरान पूर्व दायित्वधारी दर्शनलाल शर्मा, पदम कुमार समेत कई कांग्रेस एवं भाजपा के नेताओं ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। सम्मेलन में हरिद्वार जिले की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकत्र्ताओं को बुलाया गया था। पुलिस-प्रशासन की ओर से रैली में आने वाले कार्यकत्र्ताओं के वाहनों को काफी दूर ही रोक दिया गया। इसके चलते राजमार्ग से लेकर शहर के अन्य मार्गों पर जाम लगा रहा। इसकी वजह से शहरवासियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि पहले से ही शहर के दोनों कोतवाल के अलावा यातायात निरीक्षक समेत तमाम पुलिस बल व्यवस्था को बनाने में जुटा रहा।

-------------

गीत-संगीत सुनते रहे कार्यकत्र्ता

बसपा की ओर से कार्यकत्र्ता सम्मेलन का समय 11 बजे निर्धारित किया गया था। 11 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर गिने-चुने कार्यकत्र्ता ही पहुंचे थे। करीब दो घंटे बाद एक बजे से यहां पर भीड़ जुटना शुरू हो गई। वहीं दोपहर दो बजे के बाद बसपा के तमाम बड़े नेता मंच पर पहुंचे और कार्यक्रम को शुरू किया गया। बाद में कई वक्ताओं को तो बोलने का समय ही नहीं मिल सका।

chat bot
आपका साथी