सप्लाई के लिए लाए गए 50 लाख के लैपटॉप चोरी

देहरादून से सप्लाई के लिए रुड़की आई लैपटॉप से भरी गाड़ी चालक लेकर लापता हो गया है। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी और कुछ लैपटॉप बरामद हो गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Oct 2020 06:42 PM (IST) Updated:Tue, 27 Oct 2020 06:42 PM (IST)
सप्लाई के लिए लाए गए 50 लाख के लैपटॉप चोरी
सप्लाई के लिए लाए गए 50 लाख के लैपटॉप चोरी

संवाद सहयोगी, रुड़की: देहरादून से सप्लाई के लिए रुड़की आई लैपटॉप से भरी गाड़ी चालक लेकर लापता हो गया है। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी और कुछ लैपटॉप बरामद हो गए हैं। जबकि करीब 50 लाख रुपये के लैपटॉप गायब है। चालक का भी कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

देहरादून ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित एक ट्रांसपोर्ट से एक बंद लोडर गाड़ी रुड़की के लिए चली थी। गाड़ी में 109 लैपटॉप थे। इनकी सप्लाई रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश में की जानी थी। लैपटॉप कंपनी के सुपरवाइजर क्रिश नेगी ने बताया कि जब उनकी गाड़ी रुड़की के सिविल लाइंस जादूगर रोड पर एक दुकान पर ऑर्डर के लैपटॉप उतार रही थी, उसी दौरान वह माल को दुकान के भीतर रखवाने के लिए चला गया। लेकिन जब वापस आया तो गाड़ी गायब थी। काफी तलाश किया लेकिन गाड़ी का कुछ पता नहीं चला। उन्होंने इसके बाद ट्रांसपोर्ट संचालक राजेंद्र सेमवाल से संपर्क किया। मामले की जानकारी कोतवाली रुड़की पुलिस को दी गई। गाड़ी में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से गाड़ी की लोकेशन सोलानी पार्क के समीप बड़े गेट के पास मिली। इसके चलते पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गाड़ी से करीब 40 महंगे लैपटॉप गायब थे। जबकि अन्य लैपटॉप गाड़ी में ही पड़े थे। गायब लैपटॉप की कीमत करीब 50 लाख रुपये है। गाड़ी का चालक दीन निवासी गुरुग्राम लापता है। जानकारी करने पर आसपास के लोगों ने बताया कि लोडर से कुछ सामान निकालकर एक अन्य वाहन में रखा गया है। उप निरीक्षक अंकुर शर्मा ने बताया कि जीपीएस की मदद से गाड़ी मिल गई है। गाड़ी से लैपटॉप गायब बताए जा रहे हैं। चालक की तलाश की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस संपर्क साधा गया है।

-----------

डेढ़ माह पहले ही रखा था चालक को

रुड़की: ट्रांसपोर्ट संचालक ने बताया कि जिस गाड़ी का चालक लापता हुआ है। उसे करीब डेढ़ माह पहले ही रखा था। वह स्वयं ही काम मांगने के लिए आया था। उसने बताया कि लॉकडाउन के चलते उसके पास कोई काम नहीं रहा है।

-------

योजनाबद्ध तरीके से दिया गया अंजाम

रुड़की: लाखों रुपये के लैपटॉप चोरी की इस घटना को पूरी योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है। घटना में अकेला गाड़ी चालक ही शामिल नहीं है। बल्कि उसके साथ और लोग हैं। गाड़ी को योजना के तहत सोलानी पार्क पर लाया गया। यहां से दूसरी गाड़ी में लैपटॉप भरे गए। उन्हें जानकारी थी कि गाड़ी को लेकर भागा नहीं जा सकता है। इसलिए ही दूसरी गाड़ी में लैपटॉप को लोड किया गया। इस पूरी घटना को आधे घंटे के भीतर अंजाम दिया गया। गाड़ी से जो लैपटॉप गायब हैं। वह सभी महंगे थे। कम कीमत वाले लैपटॉप को गाड़ी में ही छोड़ दिया गया।

---------

सीसीटीवी कैमरे किए गए चेक

रुड़की: कोतवाली रुड़की पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए हैं। पुलिस उस गाड़ी को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। जिसमें लैपटॉप को ले जाया गया है। वहीं आसपास में रह रहे व्यक्तियों से भी इस संबंध में जानकारी जुटाई गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी