राज्य सेक्टर योजना से बदलेगी अटाल पर्यटक केंद्र की सूरत

त्यूणी पहाड़ में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए लाखों की लागत से बने पर्यटक केंद्र की बदहाली को सुधारने की मांग की गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 09:37 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 09:37 PM (IST)
राज्य सेक्टर योजना से बदलेगी अटाल पर्यटक केंद्र की सूरत
राज्य सेक्टर योजना से बदलेगी अटाल पर्यटक केंद्र की सूरत

संवाद सूत्र, त्यूणी: पहाड़ में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए लाखों की लागत से बने पर्यटक सुविधा केंद्र अटाल की दुर्दशा देख लोग हैरान हैं। तंत्र की उदासीनता के चलते पिछले डेढ़ दशक से बदहाल पड़े इस केंद्र का संचालन स्थापित होने के बाद से एक भी नहीं हो सका। सरकारी धन की इस तरह बर्बादी होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा एतराज उठाया है। युवा कल्याण समिति के अध्यक्ष ने राज्य एसटी आयोग के अध्यक्ष व पर्यटन विभाग के अधिकारियों से मामले की शिकायत की है। निदेशक अवस्थापना ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को अटाल केंद्र की मरम्मत कार्य राज्य सेक्टर योजना से कराने को कहा है।

जौनसार-बावर में पर्यटन विकास को गति देने के लिए तत्कालीन सरकार ने वर्ष 2006 में जेपीआरआर हाईवे से सटे अटाल पंचायत के पास लाखों की लागत से पर्यटक सुविधा केंद्र की स्थापना की। इसके अलावा उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने त्यूणी में एक अन्य पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण कराया था। स्थानीय ग्रामीणों की माने तो तंत्र की उदासीनता से त्यूणी और अटाल में बने इन दोनों पर्यटक सुविधा केंद्र का संचालन एक बार भी नहीं हो पाया। इससे सरकार का लाखों रुपये बजट यूं ही बर्बाद हो गया। अटाल में बने पर्यटक सुविधा केंद्र की बदहाली के चलते यहां चारों तरफ झाडि़यां दिख रही हैं। आवारा पशुओं के ठहरने का अड्डा बन चुके इस केंद्र की दुर्दशा हो रही है। केंद्र के माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों को क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन एवं रमणीक स्थलों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जानी थी, लेकिन यहां सन्नाटा पसरा है। सही मायने में लाखों रुपये खर्च होने के बाद क्षेत्र में बने इन दोनों पर्यटक केंद्रों का लाभ सैलानियों को नहीं मिल पा रहा।

युवा कल्याण समिति अटाल के अध्यक्ष बसंत शर्मा ने पिछले डेढ़ दशक से बदहाल पड़े पर्यटक केंद्र की हालत सुधारने को पर्यटन विभाग के अधिकारियों व राज्य एसटी आयोग के अध्यक्ष मूरतराम शर्मा से कार्रवाई की मांग की। मामले में राज्य पर्यटन विकास परिषद के निदेशक अवस्थापना सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर दीपक खंडूड़ी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को जारी आदेश में राज्य सेक्टर योजना से प्रस्तावित 9.50 लाख के बजट से अटाल केंद्र की मरम्मत कराने को कहा है। निदेशक अवस्थापना ने मरम्मत कार्य के उपरांत इसके संचालन व अनुरक्षण के संबंध में व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की इस कार्रवाई से अटाल केंद्र की हालत जल्द सुधरने की उम्मीद जगी है।

chat bot
आपका साथी