भाजपा विधायक महेश नेगी से बेटी के लिए मांगा गुजारा भत्ता

द्वाराहाट विधायक महेश नेगी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने अब बेटी का गुजारा भत्ता मांगा है। बेटी की ओर से महिला ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की है। जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए विधायक को नोटिस भेज दिया है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 07:30 AM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 07:30 AM (IST)
भाजपा विधायक महेश नेगी से बेटी के लिए मांगा गुजारा भत्ता
द्वाराहाट से भाजपा विधायक महेश नेगी। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, देहरादून। द्वाराहाट विधायक महेश नेगी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने अब बेटी का गुजारा भत्ता मांगा है। बेटी की ओर से महिला ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की है। जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए विधायक को नोटिस भेज दिया है। मामले में 17 फरवरी को सुनवाई होगी।

महिला के अधिवक्ता एसपी सिंह ने बताया कि पीड़ि‍ता ने बेटी के नाम से दायर याचिका में विधायक महेश नेगी से गुजारा भत्ता के लिए 60 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान की मांग की है। याचिका में पीडि़ता ने बेटी के पिता के स्थान पर विधायक महेश नेगी का नाम लिखा है। इसके अलावा याचिका में विधायक के डीएनए टेस्ट की कार्रवाई का भी जिक्र है। महिला का आरोप है कि विधायक ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जिसके बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया। जिसके जैविक पिता विधायक महेश नेगी हैं। हालांकि, अभी हाई कोर्ट और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में डीएनए टेस्ट को लेकर मामला गतिमान है। इस मामले में 27 फरवरी को सुनवाई प्रस्तावित है।

अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट सीट से विधायक महेश नेगी पर वहीं की एक महिला ने बीते अगस्त में दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला ने दावा किया था कि विधायक ही उसकी पुत्री के जैविक पिता हैं। इसकी पुष्टि के लिए महिला अदालत से विधायक का डीएनए टेस्ट कराने की मांग कर रही थी। पूर्व में विधायक ने भी डीएनए टेस्ट के लिए तैयार होने का दावा किया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने विधायक का डीएनए टेस्ट कराने की अनुमति भी दे दी थी। डीएनए टेस्ट के लिए विधायक और उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला की पुत्री के सैंपल लिए जाने हैं। अब महिला ने गुजारा भत्ता की याचिका डाल विधायक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

यह  भी पढ़ें-BJP MLA Case: विधायक महेश नेगी DNA टेस्ट के लिए नहीं हुए सीजेएम कोर्ट में पेश, अगली सुनवाई 18 जनवरी को

chat bot
आपका साथी