आज से उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात का दौर लगातार जारी है तो निचले इलाकों में बारिश हो रही है। इससे तापमान में भी गिरावट आई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Sep 2018 09:15 PM (IST) Updated:Fri, 21 Sep 2018 09:15 PM (IST)
आज से उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
आज से उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात का दौर लगातार जारी है वहीं निचले इलाकों में बारिश हो रही है। इससे तापमान में भी गिरावट आई है। देहरादून स्थित राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार को गढ़वाल मंडल में भारी बारिश के आसार हैं। वहीं रविवार को छह जिलों देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी से भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

शुक्रवार को दोपहर बाद प्रदेश के कई इलाकों में घने बादल छा गए। चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में तेज बौछारें पड़ीं। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में ऊंची चोटियों के साथ ही कुमाऊं की पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, नंदा देवी और नंदा कोट शिखरों पर हिमपात का दौर जारी रहा। बारिश के कारण एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन से मुश्किलें शुरू हो गई हैं। बदरीनाथ के पास लामबगड़ में हाईवे पर मलबा आने से यातायात बाधित होता रहा। हालांकि सीमा सड़क संगठन के जवानों ने मलबा साफकर आवाजाही सुचारू रखी। दूसरी ओर पहाड़ी इलाकों में मलबे से बंद सड़कों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। भूस्खलन के कारण करीब तीन दर्जन सड़कों पर आवागमन प्रभावित है।

दून में तापमान चार डिग्री बढ़ा

दोपहर बाद शहर के एक-दो इलाकों में हल्की बारिश हुई। लेकिन, अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 34.2 और न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक शनिवार को दून में एक-दो दौर तेज बारिश हो सकती है।

chat bot
आपका साथी