भारी बारिश से हर तरफ पानी-पानी, मकानों में दरार

विकासनगर मंगलवार की देर रात शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक लगातार जारी रही जिससे गांव और शहर हर तरफ जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं नदी नालों के उफान पर होने से कृषि भूमि का कटाव भी शुरू हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 07:45 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 07:45 PM (IST)
भारी बारिश से हर तरफ पानी-पानी, मकानों में दरार
भारी बारिश से हर तरफ पानी-पानी, मकानों में दरार

संवाद सहयोगी, विकासनगर: मंगलवार की देर रात शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक लगातार जारी रही। इससे पूरे पछवादून क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी रही। उधर अत्यधिक बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में कई घरों को नुकसान पहुंचाया। बारिश के कारण बरसाती नदी और नालों के उफान पर होने से सेलाकुई के आंबेडकर बस्ती में पानी घरों में घुस गया। नदी के उफान के कारण कृषि भूमि में कटाव भी हो रहा है।

पछवादून क्षेत्र में हुई भारी बारिश से विकासनगर शहर के सिनेमा गली, कालेज रोड, अट्ठाइस फिटा रोड, अस्पताल रोड, देवदत्त मार्ग, पंजाबी कालोनी, सिगरा कालोनी, विद्यापीठ मार्ग और मेन बाजार में जलभराव से परिस्थिति बिगड़ गई। इसके साथ ही क्षेत्र के जीवनगढ़, पश्चिमीवाला, पृथ्वीपुर, ढकरानी, कुंजा, बरोटीवाला में जगह-जगह पानी भरने की खबरें मिलती रहीं। जीवनगढ़, पश्चिमीवाला और पृथ्वीपुर खेड़ा में कई मकानों को भी बारिश से नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को मदद का भरोसा दिया। उन्होंने एसडीएम सौरभ असवाल व राजस्व विभाग के अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकलन करके आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य आशा चौहान, उप प्रधान बादामा वाला रोहित चौहान, सुनीता देवी, अक्षय राणा, तुषार कपूर, नरेश ठाकुर, संदीप कुमार मौजूद रहे। उधर, भारी बारिश से सेलाकुई में बरसाती नदी-नाले उफान पर आ गए। नदी-नालों से निकलकर बारिश का पानी आंबेडकर बस्ती स्थित क्षेत्रवासियों के घरों में घुस गया। बस्ती में पानी घुसने की सूचना पाकर क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मौके पर पहुंचकर समस्या का निरीक्षण किया। उन्होंने विकासनगर के उप जिलाधिकारी को बस्ती की समस्या से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सुखदेव सिंह फरस्वाण, अनिल नौटियाल, भगत सिंह राठौर, सूर्यवीर सिंह चौहान, विजय पाल सिंह बर्तवाल मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी