लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की महत्ता सबसे अहम

चकराता राजकीय महाविद्यालय त्यूणी में मतदान जागरूकता संगोष्ठी के दौरान छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 01:14 AM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 01:14 AM (IST)
लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की महत्ता सबसे अहम
लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की महत्ता सबसे अहम

संवाद सूत्र, चकराता: राजकीय महाविद्यालय त्यूणी में मतदान जागरूकता संगोष्ठी के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की। प्राचार्य प्रोफेसर अंजना श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का सबसे अधिक महत्व है, जिससे लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। प्राचार्य और अन्य वक्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार की महत्ता पर प्रकाश डाला। इसके अलावा महाविद्यालय में भूगोल विषय के छात्र-छात्राओं ने मॉडल के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्राचार्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।

जौनसार-बावर के सीमांत राजकीय महाविद्यालय त्यूणी में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत मतदान जागरूकता संगोष्ठी में ग्रामीण छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपने विचार रखे। इस दौरान नोडल अधिकारी मंजू गौतम व प्राध्यापक डॉ. सतीशचंद्र ने छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची के पंजीकरण व्यवस्था, वोट का महत्व, नोटा, इवीएम, वीवी पैट मशीन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. पवन रावत ने भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना एवं उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया बताई। प्राचार्य प्रोफेसर अंजना श्रीवास्तव ने निष्पक्ष मतदान को विभिन्न देशों की निर्वाचन प्रणाली व भारतीय लोकतंत्र में नागरिकों के मौलिक अधिकार के बारे में जानकारी दी। कहा कि स्वस्थ व मजबूत लोकतंत्र बनाने को देश के प्रत्येक मतदाता को चुनाव के समय अपने मताधिकार का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। वोट डालना प्रत्येक मतदाता का नैतिक अधिकार है। इसके अलावा महाविद्यालय में भूगोल विषय के छात्र-छात्राओं ने मॉडल प्रदर्शित किया। इसमें भूगोल के विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री से कई तरह के मॉडल तैयार किए। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने मॉडल के जरिए जल संरक्षण, पवन ऊर्जा, प्रदूषण, सौरमंडल, जल चक्र, ज्वालामुखी, भूकंप, भूमंडलीय सरंचना व सौर ऊर्जा की शानदार प्रदर्शनी से अपनी प्रतिभा दिखाई। निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के नाम की घोषणा की। भूगोल की मॉडल प्रतियोगिता में अक्षित, रितिक, दीक्षा ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा शिखा, नेहा, सपना, मोनिका, काजल, पूजा, रुचिका, किशोर, अरुण, विशाखा, संतोषी, नितिन, अंजलि, करन व अजित दूसरे स्थान पर रहे। इसी तरह रिकी, प्रसन्नता राणा, कनिका, किरन, दयाराम, भरत, दिगपाल, दामिनी, सपना, अरविद तीसरे स्थान पर रहे। प्राचार्य ने मेधावी विद्यार्थियों के कौशल विकास की सराहना की इसके साथ ही उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीनाक्षी कश्यप, छात्र नेता परमेश रावत आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी