अब हुनर भी निखारेंगे डिग्री कॉलेज

प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 07:47 PM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 07:47 PM (IST)
अब हुनर भी निखारेंगे डिग्री कॉलेज
अब हुनर भी निखारेंगे डिग्री कॉलेज

राज्य ब्यूरो, देहरादून

प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी। उन्हें उच्च शिक्षा के साथ अब व्यावसायिक शिक्षा भी मिलेगी। रोजगार के लिए कौशल विकास को प्रत्येक स्नातकोत्तर कॉलेज में पांच और स्नातक कॉलेज में दो स्ववित्तपोषित व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित होंगे। नए सिरे से इन पाठ्यक्रमों का खाका तैयार किया जा रहा है। कॉलेजों में योग पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश शासन ने दिए हैं।

प्रदेश में इस वक्त 105 सरकारी डिग्री कॉलेज हैं। इनमें ज्यादातर कॉलेज दूरदराज पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इन क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं रोजगारपरक व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए शहरों का रुख करने को विवश हैं। साथ ही निजी व्यावसायिक शिक्षण संस्थाओं में ऐसे पाठ्यक्रमों का शुल्क भी काफी ज्यादा होता है। इन हालात पर गौर करने के बाद सरकार अब डिग्री कॉलेजों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने के पक्ष में है। छात्र-छात्राओं को डिग्री पाठ्यक्रम के साथ एक वर्ष का स्वरोजगार डिप्लोमा और छह माह का सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उच्च शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि व्यावसायिक पाठ्यक्रम स्ववित्तपोषित होंगे। इनका शुल्क निर्धारण इस ढंग से किया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं पर ज्यादा आर्थिक बोझ नहीं पड़े। रोजगारपरक व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को तय करने के लिए उच्च शिक्षा अपर सचिव की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की जा चुकी है। समिति उच्च शिक्षा संयुक्त निदेशक एवं श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव शामिल हैं। समिति स्वरोजगारपरक पाठ्यक्रमों पर रिपोर्ट तैयार कर शासन को सौंपेगी। कॉलेजों में योग पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नए मॉडल साइंस कॉलेज खोलेंगे

डॉ रावत ने बताया कि उच्च शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए मॉडल साइंस कॉलेज के रूप में नए कॉलेजों की स्थापना की जाएगी। विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। छात्राओं को उच्च और व्यावसायिक शिक्षा में दिक्कत न होने देने को डिग्री कॉलेजों में जरूरत के मुताबिक ग‌र्ल्स हॉस्टल बनाने पर विचार होगा। विभाग इस संबंध में भी प्रस्ताव तैयार करेगा।

इनसेट:

25 डिग्री कॉलेजों में नमामि

गंगा पर होंगे सेमिनार

सरकारी डिग्री कॉलेजों में पढ़ रहे छात्र-छात्राएं अब पतित पावनी गंगा के स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनेंगे। राज्य के 25 सरकारी डिग्री कॉलेजों में नमामि गंगा के तहत संगोष्ठियां होंगी। इनमें गंगा स्वच्छता मुहिम के बारे में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी