Uttarakhand Weather Update: पारे ने 'पिघलाए' सभी रिकॉर्ड, दून में अधिकतम तापमान पहुंचा 31 डिग्री के पार

Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार चौंका रहा है। पिछले साल जहां अप्रैल में भी गर्मी का अहसास नहीं हुआ था। वहीं इस दफा सूरज अभी से आंखें तरेर रहा है। फरवरी में ही दुपहरी जेठ जैसी तप रही है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 07:23 AM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 07:23 AM (IST)
Uttarakhand Weather Update: पारे ने 'पिघलाए' सभी रिकॉर्ड, दून में अधिकतम तापमान पहुंचा 31 डिग्री के पार
Uttarakhand Weather Update: पारे ने 'पिघलाए' सभी रिकॉर्ड।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार चौंका रहा है। पिछले साल जहां अप्रैल में भी गर्मी का अहसास नहीं हुआ था। वहीं, इस दफा सूरज अभी से आंखें तरेर रहा है। फरवरी में ही दुपहरी जेठ जैसी तप रही है। दून और पंतनगर में तो गुरुवार को पारे ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।

दून में जहां अधिकतम तापमान 31.3 रिकॉर्ड किया गया, वहीं ऊधमसिंह नगर में पारे ने 30 का आंकड़ा छू लिया। दोनों ही जगह फरवरी में यह अधिकतम तापमान का आल टाइम रिकॉर्ड है। इससे पहले देहरादून में फरवरी में सबसे ज्यादा तापमान वर्ष 2006 में रिकॉर्ड हुआ था। तब यह 31.2 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, ऊधमसिंह नगर में इससे पहले 2012 में फरवरी में अधिकतम पारा 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इस दफा ऊधमसिंह नगर ने फिर इस आंकड़े को छू लिया। चटख धूप का असर पर्वतीय जिलों में भी दिखाई दे रहा है। यहां भी पारे में इजाफा होने लगा है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से आठ डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है। 

वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार से अगले तीन दिन तक उत्तरकाशी, चमोली, देहरादून और टिहरी के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि या हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। अगले दो दिन तापमान में वृद्धि का क्रम बना रहेगा। तीन दिन बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

कम बारिश और पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम

उत्तराखंड में मानसून में कम बारिश होने के बाद पोस्ट मानसून में मेघों के बरसने की उम्मीद थी। लेकिन, इस बार शीतकाल में बारिश बेहद कम हुई। जनवरी और फरवरी की ही बात करें तो इन दोनों महीनों में सामान्य से 48 फीसद कम बारिश हुई है। आमतौर पर प्रदेश में इन दो माह में 76.6 मिलीमीटर बारिश होती है, मगर इस बार महज 39.6 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई। कई जिले ऐसे भी हैं, जहां 60 फीसद से भी कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक बीते दो माह में पश्चिमी विक्षोभ कई बार उत्तराखंड में दस्तक नहीं दे सका। जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान की ओर इसका प्रवाह अधिक रहा।

दून में पिछले 15 वर्ष में फरवरी का सर्वाधिक अधिकतम तापमान

तिथि, अधिकतम तापमान

25 फरवरी 2021, 31.3

13 फरवरी 2020, 29.2

22 फरवरी 2019, 26.6

23 फरवरी 2018, 29.5

28 फरवरी 2017, 28.4

20 फरवरी 2016, 28.5

24 फरवरी 2015, 23.2

26 फरवरी 2014, 25.4

26 फरवरी 2013, 25.9

23 फरवरी 2012, 27.4

05 फरवरी 2011, 27.5

18 फरवरी 2010, 26.8

24 फरवरी 2009, 25.5

21 फरवरी 2008, 26.4

15 फरवरी 2007, 28.5

25 फरवरी 2006, 31.2

(तापमान डिग्री सेल्सियस में है।)

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी चढ़ा पारा, इन जिलों में ओलावृष्टि की आशंका

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी