Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में पांच तक मौसम के तेवर तल्ख रहने की आशंका, इन पांच जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी

Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम करवट बदलने लगा है। शनिवार को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सुबह से ही बर्फबारी शुरू हो गई। बदरीनाथ केदारनाथ गंगोत्री और यमुनोत्री में रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। वहीं प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे कहीं-कहीं बूंदाबांदी ने भी ठिठुरन बढ़ाई।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Sun, 03 Jan 2021 07:27 AM (IST) Updated:Sun, 03 Jan 2021 01:17 PM (IST)
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में पांच तक मौसम के तेवर तल्ख रहने की आशंका, इन पांच जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी
Uttarakhand Weather Update: चारधाम समेत ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम करवट बदलने लगा है। रविवार को सुबह से ही धूप-छांव की आंख-मिचौनी के बीच दून के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे ठिठुरन भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के पांच जिलों में भारी हिमपात की चेतावनी जारी की है। इससे पहले शनिवार को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सुबह से ही बर्फबारी शुरू हो गई। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। वहीं, प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे, कहीं-कहीं बूंदाबांदी ने भी ठिठुरन बढ़ाई। अगले तीन दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 

शनिवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक बर्फीली हवा हाड़ कंपाती रही। केदारनाथ में सुबह से हो रहे हिमपात के बाद आधा फीट बर्फ की चादर बिछ गई है। रुद्रप्रयाग जिले में तुंगनाथ, चोपता, दुगलबिट्टा, कार्तिक स्वामी, पंवालीकांठा समेत ऊंचाई वाले स्थानों पर देर शाम तक बर्फ गिर रही थी। इसके अलावा बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी हल्का हिमपात हुआ है। पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों पर भी नजर आया। ऊधमसिंह नगर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम रहा।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार तक मौसम का मिजाज इसी तरह का रहेगा। केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में 2800 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है। मौसम विभाग की एडवाइजरी के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। इसके अलावा निचले इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

दून में धुंध की चादर 

मौसम के करवट बदलने से ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। दून में हल्की बूंदाबांदी के बाद दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की धूप भी खिली। हालांकि, शाम को धुंध की चादर ने आसमान को ढक लिया। इससे दृश्यता भी काफी घट गई। दून के आसपास की पहाड़ियां धुंध के कारण नजर नहीं आईं।

विभिन्न शहरों में तापमान

शहर       अधि.      न्यून.

देहरादून     19.4     05.6

उत्तरकाशी   12.7     04.3

मसूरी       12.6     05.0

टिहरी       11.8     04.8

हरिद्वार     17.3     05.2    

जोशीमठ    05.8     02.6

पिथौरागढ़   17.1     01.4

अल्मोड़ा    18.4     01.2

मुक्तेश्वर    14.8     01.7  

नैनीताल     13.6     04.0

यूएसनगर    22.8    01.1

चम्पावत     14.3    02.2

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, छाया घना कोहरा; इन चार जिलों में पांच को भारी बर्फबारी की चेतावनी

chat bot
आपका साथी