Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बदला मौसम, हेमकुंड समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद मैदानों में झमाझम बारिश और चोटियों पर हिमपात से खासी राहत मिली है। बारिश से जंगलों की आग शांत होने के साथ ही गर्मी से भी निजात मिली है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 08:20 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 05:46 PM (IST)
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बदला मौसम, हेमकुंड समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी
मैदान में बारिश, चोटियों पर हिमपात जानें- आज के मौसम का हाल।

जागरण टीम, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद मैदानों में झमाझम बारिश और चोटियों पर हिमपात से खासी राहत मिली है। बारिश से जंगलों की आग शांत होने के साथ ही गर्मी से भी निजात मिली है। हेमकुंड साहिब समेत ऊंची चोटियों में आज यानी रविवार को भी बर्फबारी हो रही है। वहीं, उत्तरकाशी में बादल छाए हुए हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी के आसार बने हैं, जबकि पुरोला, मोरी के बंगाण क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि हो रही है। सेब की फसल सहित बागवानी को भारी नुकसान हुआ है।

शनिवार को गंगोत्री-यमुनोत्री, बदरी-केदार समेत औली, हेमकुंड, हर्षिलघाटी और मुनस्यसारी में हिमपात हुआ। बर्फबारी से सेना को हेमकुंड मार्ग खोलने का काम अटलाकोटी में रोकना पड़ा। उधर, उत्तरकाशी में विकासखंड नौगांव के भंकोली, छमरोटा और थली गांव में शनिवार दोपहर बाद बारिश के साथ ओले गिरने से सेब, चुल्लू, खुमानी की फसल बर्बाद हो गई है। केदारनाथ समेत ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने से मौसम ठंडा हो गया। नई टिहरी में कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। बारिश से जौनपुर, नरेंद्रनगर के कुछ जगहों पर जंगल में लगी आग भी बुझ गई है। 

 

उत्तरकाशी में गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, मुखवा, सुक्की टॉप, हरकीदून सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित दारमा और जोहार की चोटियों में हिमपात हुआ। मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। बारिश से बागेश्वर जिले और पिथौरागढ़ में मुनस्यारी क्षेत्र के जंगलों में लगी आग बुझ चुकी है। पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, नंदा देवी, नंदा कोट, सितमधार में हल्का हिमपात हुआ। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

दून में तेज हवाओं के बाद बारिश से राहत

सुबह चटख धूप खिलने के बाद दून में दोपहर से ही बादल मंडराने लगे और करीब दो बजे हल्की बूंदें तेज बौछारों में तब्दील हो गईं। करीब 20 मिनट तक शहरभर में झमाझम बारिश हुई। जिससे उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि शाम को आसमान साफ हो गया। बारिश के कारण कई क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कें बारिश के पानी से सराबोर हो गईं और सड़कों पर कीचड़ हो गया।

विभिन्न शहरों का तापमान

शहर       अधिकतम  न्यूनतम

देहरादून     32.7     18.1

उत्तरकाशी   30.5     16.3

मसूरी       19.5     08.0

टिहरी       21.2     10.8

हरिद्वार      34.1     21.6    

जोशीमठ    23.2     09.3

पिथौरागढ़   23.8     10.9

अल्मोड़ा    29.0     14.3

मुक्तेश्वर    21.8     09.0  

नैनीताल     25.0     20.0

यूएसनगर    36.2    19.2 

चम्पावत      23.3   09.5

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ ने एक बार फिर दिया दगा

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी