Uttarakhand Weather Update: हवा के झोंकों से दिन में बढ़ी ठिठुरन, तापमान में गिरावट, जानें- मसूरी में कैसा है मौसम

Uttarakhand Weather Update दिन में चल रहे हवा के झोंके ठिठुरन बढ़ा रहे हैं और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम मैदानों में हल्का कोहरा और पहाड़ों में पाला मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Sun, 28 Nov 2021 07:54 AM (IST) Updated:Sun, 28 Nov 2021 07:54 AM (IST)
Uttarakhand Weather Update: हवा के झोंकों से दिन में बढ़ी ठिठुरन, तापमान में गिरावट, जानें- मसूरी में कैसा है मौसम
हवा के झोंकों से दिन में बढ़ी ठिठुरन, तापमान में गिरावट।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन धीरे-धीरे ठंड में इजाफा होने लगा है। दिन में चल रहे हवा के झोंके ठिठुरन बढ़ा रहे हैं और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम मैदानों में हल्का कोहरा और पहाड़ों में पाला मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों में तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

उत्तराखंड में बीते एक माह से मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते एक सप्ताह में दून का तापमान चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच चुका है। हालांकि, अब भी ज्यादातर इलाकों का तापमान सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। शनिवार को दिन में हल्की हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई। साथ ही पिछले दिन की तुलना में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक ठंड में इजाफा हो रहा है। तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। अगले कुछ दिन में तापमान में थोड़ी और गिरावट आने की संभावना है। रविवार से मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का असर बढ़ सकता है। देहरादून के कुछ हिस्सों और हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है।

दोपहर बाद मसूरी में ठंड से ठिठुर रहे लोग

मसूरी में इन दिनों जमकर पाला गिर रहा है, जिससे ठंड बढ़ती जा रही है। हालांकि, दिन में मौसम साफ रहने पर धूप खिल रही है, जिससे आमजन राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन दोपहर बाद कोहरा व बादल घिरने से सर्दी चरम पर पहुंच रही है। ऐसे में आमजन ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं। ठंड से बचने को अंगीठी का सहारा ले रहे हैं। शहर के उत्तर के इलाकों में इन दिनों धूप नहीं पहुंच पा रही है। जिससे धुम्मनगंज-हाथीपांव रोड, कैमल्स बैक रोड, कैम्पटी रोड, कंपनी गार्डन व अपर मालरोड क्षेत्र में दिन में भी पाला गिर रहा है। हालांकि, अभी पाला जम नहीं रहा है। दिन ढलने के बाद एकाएक यहां सर्दी बढ़ रही है। मध्य रात्रि के बाद पारा शून्य के आसपास पहुंचना शुरू हो गया है। सूखी ठंड से सर्दी-जुकाम की शिकायतें सामने आ रही हैं।

chat bot
आपका साथी