रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली मार्ग पर बढ़ाई सुपर डीलक्स वॉल्वो, अब इस मार्ग पर दौड़ेंगी 13 बसें

मौसम में आए बदलाव को देखते हुए रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली मार्ग पर सुपर डीलक्स वॉल्वो की संख्या बढ़ा दी है। दिसंबर में सर्द मौसम में यात्रियों की संख्या में कमी को देख प्रबंधन ने वाल्वो बस की संख्या में कटौती की थी।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Wed, 03 Mar 2021 02:20 PM (IST) Updated:Wed, 03 Mar 2021 02:20 PM (IST)
रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली मार्ग पर बढ़ाई सुपर डीलक्स वॉल्वो, अब इस मार्ग पर दौड़ेंगी 13 बसें
रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली मार्ग पर बढ़ाई सुपर डीलक्स वॉल्वो।

जागरण संवाददाता, देहरादून। मौसम में आए बदलाव को देखते हुए रोडवेज प्रबंधन ने दिल्ली मार्ग पर सुपर डीलक्स वॉल्वो की संख्या बढ़ा दी है। दिसंबर में सर्द मौसम में यात्रियों की संख्या में कमी को देख प्रबंधन ने वाल्वो बस की संख्या में कटौती की थी। अब दिल्ली मार्ग पर वाल्वो की संख्या 13 हो गई है, जबकि एक-एक वाल्वो हल्द्वानी और चंडीगढ़ के लिए भी चलाई गई है। 

बीती 11 दिसंबर को ठंड में यात्रियों की कमी को देखकर रोडवेज प्रबंधन ने अपनी सुपर डीलक्स बस वॉल्वो के न सिर्फ समय में बदलाव किया था बल्कि बस की संख्या भी घटा दी थी। बीते ढाई महीने से दिल्ली मार्ग पर आठ वॉल्वो संचालित हो रही थी। इनमें छह दिल्ली आइएसबीटी, जबकि बाकी दो गुरुग्राम के लिए थीं। अब चूंकि मौसम बदल गया है और वाल्वो की मांग दोबारा बढ़ गई है, लिहाजा रोडवेज ने वाल्वो बस दोबारा बढ़ा दी हैं। अभी तक दून से दिल्ली के लिए पहली वॉल्वो बस सुबह छह बजे, दूसरी बस सुबह नौ बजे, तीसरी दोपहर 12 बजे, चौथी दोपहर एक बजे, पांचवीं शाम पांच बजे और छठी व आखिरी बस रात 11 बजे रवाना हो रही थी। 

नई सारणी के अनुसार अब पहली वाल्वो बस सेवा सुबह पांच बजे, दूसरी छह बजे, तीसरी आठ बजे, चौथी दोपहर 12 बजे व पांचवी दोपहर एक बजे जाएगी। इसी तरह छठी बस दोपहर तीन बजे, सातवीं बस का समय शाम चार बजे एवं आठवीं बस शाम पांच बजे जाएगी। रात को अब तक केवल एक बस दिल्ली जा रही थी, मगर अब तीन बस जाएंगी।

एक बस रात साढ़े दस बजे, फिर रात 11 बजे और उसके बाद रात साढ़े 11 बजे दिल्ली आइएसबीटी जाएगी। पहले की तरह देहरादून-दिल्ली-गुरुग्राम बस हर दिन सुबह दस बजे और रात सवा दस बजे संचालित होती रहेगी। इसके अलावा दून से चंडीगढ़ के लिए एक वाल्वो बस शाम छह बजे और हल्द्वानी के लिए एक बस रात 11 बजे संचालित होगी। ग्रामीण डिपो एजीएम केपी सिंह ने बताया कि अभी कटरा वाल्वो बस सेवा बंद है। उसे भी जल्द सुचारू कर दिया जाएगी। 

लखनऊ के लिए चलेगी एसी जनरथ

लखनऊ मार्ग पर वॉल्वो सेवा में यात्रियों की कमी को देखते हुए रोडवेज मुख्यालय ने इस मार्ग पर एसी जनरथ सेवा संचालित करने का फैसला किया है। दरअसल, एसी जनरथ सेवा में किराया वाल्वो की अपेक्षा काफी कम है। इस मार्ग पर उत्तर प्रदेश ने अपनी वॉल्वो, जनरथ और साधारण बस संचालित की हुई है। उत्तराखंड रोडवेज ने दिसंबर में अपनी एक वॉल्वो सेवा लखनऊ के लिए शुरू की थी, लेकिन दो हफ्ते बाद ही उसे बंद कर दिया। इस समय उत्तराखंड रोडवेज की एक साधारण बस लखनऊ के लिए संचालित हो रही। बताया जा रहा कि अगले दो-तीन दिन में शाम पांच बजे एसी जनरथ सेवा शुरू की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- एक सप्ताह में संशोधित होगा सिद्धबली जन शताब्दी का समय, जानिए कब शुरू हो रही सेवा

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी