न्यूनतम दुर्घटना के लिए मिला उत्तराखंड रोडवेज को पुरस्कार, पढ़ि‍ए पूरी खबर

सुरक्षित सफर और देश के पर्वतीय राज्यों में सबसे कम रोडवेज बस दुर्घटना के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम को केंद्र सरकार ने पुरस्कृत किया है। सोमवार को नई दिल्ली में सड़क सुरक्षा माह के तहत कार्यक्रम में यह पुरस्कार दिया।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 11:05 PM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 11:05 PM (IST)
न्यूनतम दुर्घटना के लिए मिला उत्तराखंड रोडवेज को पुरस्कार, पढ़ि‍ए पूरी खबर
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक को पुरस्कार देते सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह।

जागरण संवाददाता, देहरादून। सुरक्षित सफर और देश के पर्वतीय राज्यों में सबसे कम रोडवेज बस दुर्घटना के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम को केंद्र सरकार ने पुरस्कृत किया है। सोमवार को नई दिल्ली में सड़क सुरक्षा माह के तहत कार्यक्रम में सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन को यह पुरस्कार दिया। पुरस्कार में दो ट्राफी और एक लाख रुपये की नकद धनराशि दी गई है। 

नई दिल्ली से पुरस्कार लेकर लौटते हुए निगम के महाप्रबंधक (संचालक) दीपक जैन ने बातचीत में बताया कि उत्तराखंड को दो पुरस्कार मिले हैं। एक वर्ष 2019-20 में पर्वतीय राज्यों में सबसे कम दुर्घटना के लिए, जबकि दूसरा पिछले तीन वित्तीय वर्ष 2017-18, 2018-19 एवं 2019-20 में सबसे कम दुर्घटना के लिए। महाप्रबंधक ने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह, केंद्रीय सचिव गिरधर अरमने, नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत व एनएचएआइ के चेयरमेन एसएस संधू भी मौजूद रहे। उधर, उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी व कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री दिनेश पंत ने रोडवेज प्रबंधन को बधाई दी है। 

रणवीर सिंह चौहान (प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम) ने कहा कि यह निगम के चालकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है और इसका पूरा श्रेय समस्त चालकों को ही दिया जाता है। पर्वतीय सूबे में मौसम व सड़कों की तमाम दुश्वारियों के बाद भी परिवहन निगम के चालक सुरक्षित संचालन करते रहे हैं। यह इसी का नतीजा है कि प्रदेश की जनता परिवहन निगम की बसों में सफर को सुरक्षित मानती है। निगम को पुरस्कार राशि मिली है, उससे न्यूनतम दुर्घटना करने वाले चालकों को पुरस्कृत व प्रोत्साहित किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें-उत्‍तराखंड में सड़क सुरक्षा अभियान का आगाज, डीजीपी ने यातायात पुलिस को दिए ये निर्देश

chat bot
आपका साथी