उत्तराखंड में महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कहा- गरीबों का निवाला छीन रही केंद्र और राज्य सरकार

कांग्रेस महंगाई को मुद्दा बनाकर सभी जिला और शहर मुख्यालयों में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रही है। जगह-जगह सरकार का पुतला फूंका गया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई अपने चरम पर है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Wed, 20 Jan 2021 01:50 PM (IST) Updated:Wed, 20 Jan 2021 10:22 PM (IST)
उत्तराखंड में महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कहा- गरीबों का निवाला छीन रही केंद्र और राज्य सरकार
उत्तराखंड में महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस का हल्ला बोल। जागरण

जागरण संवाददाता, देहरादून। खाद्य पदार्थों व पेट्रोलियम उत्पादों के बढ़ते मूल्य के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला जलाया। कांग्रेस कार्यकर्त्‍ताओं ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल के साथ बिजली, पानी, सब्जी व अनाज के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार महंगाई पर लगाम कसने में नाकाम साबित हो रही है। 

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर बुधवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। देहरादून में कांग्रेस के राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्त्‍ताओं ने दोपहर 12 बजे प्रदर्शन शुरू किया। कार्यकर्त्‍ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एस्लेहॉल चौक पहुंचे और वहां केंद्र के पुतले को आग के हवाले किया। कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई चरम पर है। आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। 100 दिन में महंगाई कम करने का वायदा करने वाली मोदी सरकार ने महंगाई से देश की जनता का बुरा हाल कर दिया है। रसोई गैस सिलेंडर 700 रुपये और पेट्रोल 85 रुपये से ऊपर पहुंच गया है।

प्रदेश सरकार ने उत्पाद शुल्क में नौ गुना वृद्धि कर दी है, जिसका भार आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। पुतला दहन में प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश सचिव सीताराम नौटियाल, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, प्रभुलाल बहुगुणा, गरिमा दसौनी, संदीप चमोली, राजेश चमोली, नीनू सहगल, डॉ. प्रदीप जोशी, राजेंद्र खन्ना, सागर लांबा, अरुण शर्मा, विरेंद्र पोखरियाल आदि शामिल रहे। 

रुड़की में भी कांग्रेस में उबाल 

हरिद्वार जिले के रुड़की में महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन स्थित चंद्रशेखर आजाद चौक पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, तब से महंगाई चरम पर है और डीजल-पेट्रोल के दाम हर दिन बढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं रसोई गैस भी दो गुना महंगी हो गई है।

सरकार को आम जनता की कोई फिक्र ही नहीं है। इस मौके पर पूर्व गृह राज्य मंत्री राम सिंह सैनी, पूर्व महापौर यशपाल राणा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश संगठन सचिव विकास त्यागी, दिनेश कौशिक, नगर अध्यक्ष कलीम खान, राजेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड सचिवालय संघ चुनाव : अध्यक्ष और महासचिव पद पर चार-चार नामांकन

chat bot
आपका साथी