Devasthanam Board: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज बोले, देवस्थानम बोर्ड में सभी के अधिकार सुरक्षित
Devasthanam Board उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का कहना है कि चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड में सभी तीर्थ पुरोहितों के हक हकूक दस्तूर और अधिकार यथावत रखे गए हैं। देवस्थानम बोर्ड में सभी के अधिकार सुरक्षित हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Devasthanam Board उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड में सभी तीर्थ पुरोहितों के हक हकूक, दस्तूर और अधिकार यथावत रखे गए हैं। देवस्थानम बोर्ड में सभी के अधिकार सुरक्षित हैं। यह दावा उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया है।
उन्होंने कहा कि चारों धामों में सुविधाओं को विकसित करने के लिए ही सरकार ने चारधाम देवस्थानम बोर्ड का गठन किया है। बोर्ड गठन में भी इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि मंदिरों के पुजारी, रावल, नायक रावल, पंडों के वंशानुगत और परंपरागत अधिकार यथावत रखे जाएं।
शुक्रवार को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शिमला रोड स्थित कड़वा पानी, मानक सिद्ध में पर्यटन विभाग की वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत 60 लाख रुपये की लागत से बने एवर ग्रीन रेजीडेंसी पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया। इस दौरान महाराज ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को पर्यटन विभाग की वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना का लाभ लेना चाहिए। धार्मिक स्थलों पर यात्रियों के लिए इस तरह के पर्यटक आवास गृह बनाने के लिए आगे आना चाहिए। इस मौके पर महापौर सुनील उनियाल गामा, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट बोले, देवस्थानम बोर्ड पर जनभावनाओं के अनुरूप हो फैसला
तीन पर्यटक स्थल पर चलाया स्वच्छता अभियान
पर्यटन विभाग की ओर से स्वच्छता पखवाड़े के तहत प्रदेशभर के पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। शुक्रवार को पहले दिन देहरादून के तीन पर्यटन स्थल झड़ीपानी ट्रेक, जार्ज एवरेस्ट परिसर और गुच्चुपानी क्षेत्र में नगर पालिका मसूरी और वेस्ट वारियर्स के सहयोग से साफ सफाई की गई। जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल सिंह चौहान ने बताया कि होटल एसोसिएशन के सहयोग से जिले के सभी पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मुख्य सचिव डा एसएस संधु कहा- सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से होगा चारधाम यात्रा का संचालन