उत्‍तराखंड : जेपी नड्डा की नसीहत और विस चुनाव का शंखनाद

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे के साथ ही पार्टी ने चुनावी शंखनाद भी कर दिया है। प्रांतीय पदाधिकारियों संगठन मंत्री सांसदों विधायकों मोर्चों के अध्यक्षों के साथ परिचर्चा में नड्डा की नसीहत को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sun, 06 Dec 2020 06:30 AM (IST) Updated:Sun, 06 Dec 2020 06:30 AM (IST)
उत्‍तराखंड : जेपी नड्डा की नसीहत और विस चुनाव का शंखनाद
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे के साथ ही पार्टी ने चुनावी शंखनाद भी कर दिया है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में अभी भले ही सवा साल का वक्त हो, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे के साथ ही पार्टी ने चुनावी शंखनाद भी कर दिया है। प्रांतीय पदाधिकारियों, संगठन मंत्री, सांसदों, विधायकों, मोर्चों के अध्यक्षों के साथ परिचर्चा में नड्डा की नसीहत को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का आचरण उसकी पहचान है। आचरण में बड़ी ताकत है। किसी के लिए कुर्सी आगे करके देखना कि लोग आपको कहां पहुंचाते हैं। उन्होंने 'मैं नहीं हम' की भावना के साथ काम करते हुए वोटरों से निरंतर संवाद करने और लक्ष्य को बड़ा कर इसकी प्राप्ति के लिए जी-जान से जुटने पर जोर दिया।

प्रदेश में वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में 57 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। अब पार्टी के सामने वर्ष 2022 में होने वाले विस चुनाव में भी ऐसा ही प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है और इसके लिए पार्टी कोई कोर- कसर छोड़ने के मूड में नहीं है। इस नजरिये से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी चुनावों के मद्देनजर पूरी ताकत से पार्टी संगठन और बूथ रचना को सशक्त बनाने का संदेश दिया। साथ ही पार्टी नेताओं को नसीहत देने से भी वह नहीं चूके।

नड्डा ने कहा कि जिम्मेदारी मिलने का अर्थ ये कतई नहीं है कि वोटर ने जो काम बताए थे, वे हमने कर दिए। वोटर प्यार मांगता है और उसके साथ निरंतर संवाद कायम रहना चाहिए। ऐसी स्थिति न हो कि वोटर को ये कहना पड़े कि 'बड़े दिनों बाद दर्शन हुए।' अगर, प्रत्येक कार्यकर्त्‍ता खुद को समाज से जोड़ लेगा, उसकी बात सुनेगा तो समाज सिर आंखों पर बैठाएगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई मर्तबा ऐसी बातें भी सामने आती हैं, जब अखबार अथवा पोस्टर में छपी तस्वीर में कई व्यक्ति खुद को ढूंढते हैं, लेकिन दूसरे की फोटो नहीं देखते। उन्होंने कहा कि 'मैं' नहीं, बल्कि 'हम' की भावना से कार्य होना चाहिए।

पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेंगे

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने पार्टी सांसदों, विधायकों व वरिष्ठ नेताओं के साथ परिचर्चा में जनप्रतिनिधि जनता के बीच कैसे कार्य करें, कैसे पार्टी को आगे बढ़ाएं, इस संबंध में मार्गदर्शन दिया। साथ ही योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सरकार व संगठन की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिहार के विस चुनाव, विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनाव और हैदराबाद के चुनाव नतीजों से साफ है कि भाजपा की कार्यशैली को जनता ने पसंद किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी आगामी विस चुनाव में पिछली बार से ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी। विधायकों की नाराजगी से संबंधित प्रश्न को टालते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जहां आवाज खुलकर आती है। एक पूर्व मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखे जाने के प्रकरण पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व प्रांतीय नेतृत्व इस बारे में फैसला लेगा। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र भसीन, प्रवक्ता विपिन कैंथोला व विनोद सुयाल मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: BJP National President JP Nadda: जेपी नड्डा बोले, देश के लिए भाजपा और मोदी का सशक्त होना जरूरी

chat bot
आपका साथी