पुरोला विधायक राजकुमार ने विधानसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा, हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में हुए थे शामिल

Uttarakhand Assembly Election 2022 भाजपा में शामिल होने वाले पुरोला से विधायक राजकुमार ने विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। आपको बता दें कि राजकुमार कांग्रेस के विधायक थे।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 04:17 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 10:31 PM (IST)
पुरोला विधायक राजकुमार ने विधानसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा, हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में हुए थे शामिल
पुरोला विधायक राजकुमार ने विधानसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Assembly Election 2022 भाजपा में शामिल होने के बाद पुरोला विधानसभा सीट से विधायक राजकुमार ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वह कांग्रेस के टिकट पर पुरोला से चुनाव जीते थे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पुरोला के विधायक ने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। इसलिए अब दलबदल का नियम लागू नहीं होता है। 

पुरोला के विधायक राजकुमार ने गत 12 सितंबर को नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद से ही उनकी सदस्यता को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने विधायक राजकुमार की सदस्यता को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने पुरोला विधायक की सदस्यता समाप्त करने और दलबदल कानून के अनुसार उन्हें अगला चुनाव लड़ने से वंचित रखने की मांग की थी। सोमवार को विधायक राजकुमार विधानसभा पहुंचे और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल को अपना इस्तीफा सौंपा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने विधायक राजकुमार का विधानसभा की सदस्यता से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और अब वह विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि कोई विधायक स्वेच्छा से अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंपता है और विधानसभा अध्यक्ष इसे स्वीकार कर लेते हैं तो उस स्थिति में दलबदल कानून लागू नहीं होता।

मैं भाजपा का सिपाही: राजकुमार

विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों और अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए भाजपा में आए हैं। अब वह भाजपा के सच्चे सिपाही हैं। चुनाव लडऩे के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के निर्देशानुसार ही कार्य करेंगे।

अभी विधायक पंवार के संबंध में नहीं मिला कोई पत्र

पुरोला के विधायक राजकुमार के साथ ही टिहरी जिले की धनोल्टी विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक प्रीतम पंवार भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। राजकुमार द्वारा इस्तीफा देने के बाद अब प्रीतम पंवार के विधानसभा के सदस्य बने रहने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी कोई पत्र विधानसभा अध्यक्ष को नहीं मिला है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अभी इस संबंध में उन्हें न तो कोई पत्र और न ही कोई याचिका प्राप्त हुई है।

यह भी पढ़ें- कैबिनेट मंत्री हरक बोले, गृहमंत्री से की आर्य के मसले पर बात; फिर से गरम होने लगा चर्चाओं का बाजार

chat bot
आपका साथी