Uttarakhand Politics: विधायक खोने के बाद हमले की तैयारी में कांग्रेस, बागियों की वापसी के लिए हो रहा रास्ता तैयार

Uttarakhand Politics उत्‍तराखंड में कुछ माह बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्‍य में एक विधायक को गंवा चुकी कांग्रेस पलटवार की तैयारी में है। कांग्रेस भाजपा से घर वापसी को इच्छुक बागियों के लिए रास्ता तैयार कर रही है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 08:47 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 08:47 AM (IST)
Uttarakhand Politics: विधायक खोने के बाद हमले की तैयारी में कांग्रेस, बागियों की वापसी के लिए हो रहा रास्ता तैयार
प्रदेश में एक विधायक को गंवा चुकी कांग्रेस पलटवार की तैयारी में है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Politics प्रदेश में एक विधायक को गंवा चुकी कांग्रेस पलटवार की तैयारी में है। पार्टी को छोड़कर भाजपा का दामन थाम चुके कुछ बागियों की वापसी के लिए रास्ता तैयार किया जा सकता है। इस मामले में अभी तक सख्त रुख दिखाते रहे पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष हरीश रावत को मनाने के संकेत हैं। मंगलवार को हरीश रावत दिल्ली में ही रहे, जबकि नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भी दिल्ली में ही केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। उधर, भाजपा में जाने की चर्चाओं पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने विराम लगा दिया।

अगले विधानसभा चुनाव के लिए ज्यादा वक्त शेष नहीं है। ऐसे में भाजपा ने इस बार भी कांग्रेस में सेंध लगाते हुए एक विधायक तोड़ लिया। बीते विधानसभा चुनाव से पहले भी कांग्रेस में बड़ी सेंधमारी में भाजपा कामयाब रही थी। भाजपा के मंसूबों को भांपकर कांग्रेस अब जवाबी रणनीति को अंजाम देने में जुटी है। बीते दिनों भाजपा में अंतर्कलह सतह पर दिखाई दी है। इस कलह को कांग्रेस अब और बढ़ाने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के कुछ बागी वापसी कर सकते हैं। सूत्रों की मानें तो अंदरखाने बागियों की वापसी को रेड कार्पेट बिछाया जा सकता है।

बागियों की वापसी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के रवैये में भी बदलाव दिखाई दे रहा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो वापसी में पूर्व मुख्यमंत्री की रजामंदी ली जा रही है। हरीश रावत अभी दिल्ली में ही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल मंगलवार को दून पहुंच चुके हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला से मुलाकात की। सुरजेवाला से बीते रोज गोदियाल भी मुलाकात कर चुके हैं। दिल्ली में नेताद्वय की मौजूदगी को कांग्रेस की जवाबी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-चुनाव से ठीक पहले नेताओं के कांग्रेस छोड़ने की चर्चाएं तेज, पार्टी बेचैन; 2017 में झेली थी बड़ी टूट

अभी दिल्ली में हैं किशोर उपाध्याय

वहीं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी दिल्ली में हैं। बीते रोज उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर चर्चाएं इंटरनेट मीडिया पर चलती रहीं। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में पार्टी को लेकर अपनी नाराजगी की बात खुलकर स्वीकार की, लेकिन पार्टी छोड़ने के अंदेशे को खारिज कर दिया।

यह भी पढ़ें:- Uttarakhand Assembly Election: आप के प्रदेश अध्यक्ष कलेर ने दिया इस्तीफा, इस विस सीट से लड़ेंगे चुनाव

समिति ने की प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से मंगलवार को निष्कासितों की वापसी को गठित चार सदस्यीय समिति ने मुलाकात की। समिति अध्यक्ष हरीश कुमार सिंह, सदस्यों में विजय सिंह सिजवाली, गोविंद सिंह बिष्ट व शांति प्रसाद भट्ट ने गोदियाल से समिति के कार्यों को लेकर चर्चा की। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि गढ़वाल और कुमाऊं में पार्टी की जल्द बैठकें होंगी। उनमें पार्टी में वापसी करने के इच्छुक नेता अपने जिलों में कांग्रेस जिलाध्यक्षों व महानगर अध्यक्षों के माध्यम से समिति को आवेदन कर सकते हैं।

chat bot
आपका साथी