Uttarakhand Assembly Election 2022: उत्‍तराखंड में फिर सत्ता में आएगी भाजपा, धामी ही रहेंगे मुख्यमंत्री

Uttarakhand Assembly Election 2022 केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने कहा कि उत्‍तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। उन्‍होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही भाजपा का चेहरा होंगे।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 08:27 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 09:37 AM (IST)
Uttarakhand Assembly Election 2022: उत्‍तराखंड में फिर सत्ता में आएगी भाजपा, धामी ही रहेंगे मुख्यमंत्री
देहरादून में भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी। साथ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Assembly Election 2022 केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने साफ किया कि राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही चेहरा होंगे और उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी और धामी ही मुख्यमंत्री रहेंगे। इसे लेकर पार्टी के मन में कहीं कोई संदेह नहीं है। जोशी ने कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को 'भूतपूर्व पार्टी' करार दिया, तो आम आदमी पार्टी पर राज्य में झूठ फैलाने की कोशिश करने का आरोप जड़ा।

उत्तराखंड दौरे पर आए जोशी शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा बहुत अच्छी स्थिति में है। चुनाव के मद्देनजर पार्टी अपनी रणनीति के तहत काम रही है। भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में 60 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जिसमें हम कामयाब होंगे। टिकट वितरण से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने कहा कि जब टिकट आवंटन होगा, तब आधार का सभी को पता चल जाएगा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य की उपलब्धियों का जिक्र भी किया। साथ ही विकास को गति देने के लिए धामी सरकार की पीठ थपथपाई।

अनुशासन पर सख्त है पाटी

उत्तराखंड में भाजपा के दो दिग्गज नेताओं के बीच जुबानी जंग और विधायकों के विवाद से संबंधित प्रकरणों पर उन्होंने कहा कि अनुशासन पर पार्टी सख्त है। सभी से बात हो चुकी है। अब न तो कोई पार्टी लाइन से बाहर जाएगा और न अनुशासन ही तोड़ेगा।

कांग्रेस और हरदा को लिया निशाने पर

जोशी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को कांग्रेस ने राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया, जबकि यह राजनीतिक मुद्दा नहीं, करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। और तो और पूर्व मुंख्यमंत्री हरीश रावत ने जय श्रीराम की बजाय जय गणेश का नारा दिया। अच्छी बात यह है कि रावत ने अगंभीर राजनीतिज्ञ राहुल गांधी को जय गणेश बोलने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है, लेकिन महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के कार्यक्रमों पर प्रतिबंध है। इस बारे में रावत को चाहिए कि वह राहुल गांधी को महाराष्ट्र सरकार को समझाने के लिए प्रेरित करें। कांग्रेस में क्या चल रहा है, उन्हें यह देखना चाहिए। कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं और वे भी मानते हैं कि वर्तमान व भविष्य भाजपा का है। कांग्रेस तो भूतपूर्व पार्टी हो गई है।

फौज का अपमान करने वाले मांग रहे वोट

आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए जोशी ने कहा कि फौजी का फोटो दिखाकर वोट मांग रही इसी पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक पर फौज का अपमान किया था। तब आप ने वही भाषा बोली, जो पाकिस्तान बोल रहा था। सर्जिकल स्ट्राइक के सुबूत मांगे जा रहे थे। उन्होंने कहा कि आप के दिल्ली माडल की हवा निकल चुकी है। अब वह उत्तराखंड में झूठ फैलाने की कोशिश कर रही है। राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश सह चुनाव प्रभारी आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी और इसके मुखिया अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को छल रहे हैं। इस छलिया के बहकावे में आने से बचना होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सह चुनाव प्रभारी लाकेट चटर्जी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें:- Uttarakhand Politics:विधानसभा चुनाव में इंटरनेट मीडिया के जरिये चुनावी माहौल बनाएगी भाजपा

chat bot
आपका साथी