मसूरी में हुए हादसे में भाजपा सांसद रूडी के समधी-समधन की मौत

भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के समधी नीरज त्यागी और समधन शगुन त्यागी की शनिवार देर रात मसूरी के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 11:30 AM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 09:27 PM (IST)
मसूरी में हुए हादसे में भाजपा सांसद रूडी के समधी-समधन की मौत
मसूरी में हुए हादसे में भाजपा सांसद रूडी के समधी-समधन की मौत

देहरादून, जेएनएन। बिहार के सारण से भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के समधी नीरज त्यागी और समधन शगुन त्यागी की शनिवार देर रात मसूरी के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। दंपती बेटे और बहू को घूमने फिरने के लिए मसूरी छोड़कर बेटी के साथ देहरादून लौट रहा था। हादसे में बेटी और चालक को भी गंभीर चोटें आईं हैं। बेटी को मैक्स और चालक को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शगुन जेडीयू नेता पूर्व सांसद केसी त्यागी की बहन थीं। हादसे की खबर सुनकर राजीव प्रताप रूडी और केसी त्यागी भी रविवार शाम देहरादून पहुंच गए।

नीरज त्यागी मूलरूप से उप्र के गाजियाबाद के रहने वाले हैं, कई साल पहले वह देहरादून शिफ्ट हो गए थे। यहां राजपुर इलाके में उनका फ्लैट है। लेकिन, कुछ सालों से वह नोएडा में रह रहे थे। नीरज त्यागी के बेटे अभिमन्यु की शादी बीती 29 जून को भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी की बेटी से हुई थी। शादी के बाद पैतृक गांव में पूजा के लिए उन्हें सपरिवार देहरादून आना था। नोएडा से नीरज, पत्नी शगुन त्यागी, बेटी आरुषि, बेटे अभिमन्यु और बहू के साथ देहरादून के लिए निकले। गाड़ी उनका चालक अशोक चला रहा था।

शनिवार को दिन में बेटे और बहू को मसूरी के डोमेला रिसार्ट में छोडऩे के बाद रात साढ़े आठ बजे नीरज, शगुन, आरुषि और अशोक देहरादून के लिए निकल गए। देहरादून में उन्हें एक रिश्तेदार के साथ डिनर करना था। रात 11 बजे तक ये लोग देहरादून नहीं पहुंचे तो स्वजनों को चिंता हुई। उन्होंने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, पर सभी का फोन लगातार नॉट रीचेबल आ रहा था। रात एक बजे एक रिश्तेदार ने मसूरी पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी।

वाहन सवार लोगों की अंतिम लोकेशन देहरादून-मसूरी हाइवे पर किमाड़ी गांव के आसपास मिली। उसके बाद पुलिस उस इलाके में खोजबीन में जुटी। मसूरी और कैंट कोतवाली पुलिस ने रात करीब एक बजे संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मगर बारिश और अंधेरे के चलते कुछ पता नहीं चला। बाद में एसडीआरएफ को भी बुला लिया गया। डै्रगन लाइट से खाई में गाड़ी के तलाश शुरू की, सर्च ऑपरेशन रविवार की भोर तक चलता रहा। सुबह करीब साढ़े छह बजे बाटा घाट पुल के पास सड़क पर गाड़ी के रपटने के निशान दिखे। करीब तीन सौ मीटर नीचे इनोवा पड़ी मिली। उसके परखच्चे उड़ चुके थे।

यह भी पढ़ें: हरिद्वार में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटे समेत तीन की  मौत; तीन घायल

हादसे में नीरज और उनकी पत्नी शगुन की सांसें थम चुकी थीं। बेटी आरुषि और चालक अशोक बेहोश थे, उन्हें कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आरुषि को मैक्स और अशोक को सिनर्जी अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौके पर ही मौत; एक घायल

chat bot
आपका साथी