पर्यटकों की आमद से घूमने लगा पर्यटन उद्योग का पहिया
जागरण संवाददाता ऋषिकेश लॉकडाउन में करीब छह माह तक पर्यटन उद्योग पूरी तरह से ठप रहा। मगर अब अनलॉक की प्रक्रिया के बाद पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन उद्योग का पहिया घूमने लगा है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
लॉकडाउन में करीब छह माह तक पर्यटन उद्योग पूरी तरह से ठप रहा। मगर, अब अनलॉक की प्रक्रिया के बाद पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन उद्योग का पहिया घूमने लगा है।
तीर्थनगरी ऋषिकेश की आर्थिकी का मुख्य आधार पर्यटन उद्योग ही है। चारधाम यात्रा तथा गढ़वाल मंडल विकास निगम का प्रवेश द्वार होने के कारण यहां होटल उद्योग लगभग बारहों महीने ही आबाद रहता है। मगर, इसके अलावा गंगा में रिवर राफ्टिग, कैंपिग और अन्य साहसिक गतिविधियों के कारण तीर्थनगरी में पर्यटकों की सबसे अधिक आमद बनी रहती है। फरवरी से नवंबर तक राफ्टिग, कैंपिग के अलावा चारधाम यात्रा का काल होने के कारण यहां खासी संख्या में तीर्थयात्री व पर्यटक पहुंचते हैं। मगर, इस बार 12 मार्च को जनता कर्फ्यू के साथ ही शुरू हुए लॉकडाउन के बाद छह माह तक क्षेत्र के सभी होटल, गेस्ट हाउस, कैंप, रिसार्ट बंद रहे। राफ्टिग व अन्य साहसिक पर्यटन की गतिविधियां भी ठप हो गयी थी। कुछ होटलों को जरूर प्रशासन ने क्वारंटाइन सेंटर के रूप में अधिगृहित किया था। मगर, अधिकांश होटलों में करीब छह माह तक ताले ही लटके रहे।
बहरहाल अब अनलॉक की प्रक्रिया में सभी होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस व कैंपों को खोलने की अनुमति दे दी गयी है। पर्यटकों पर भी अब कोविड जांच संबंधी कोई पाबंदी नहीं है। जिससे पिछले तीन सप्ताह से पर्यटकों की संख्या में खासी वृद्धि हुई है। वर्तमान में बड़ी संख्या में पर्यटकों के अलावा चारधाम के लिए तीर्थयात्री भी यहां पहुंच रहे हैं, जिससे पर्यटन उद्योग का पहिया काफी हद तक घूमने लगा है।
अनलॉक-5 में पर्यटकों के लिए कोविड जांच की अनिवार्यता के खत्म होने के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। वर्तमान में अच्छी संख्या में पर्यटक व तीर्थयात्री यहां पहुंच रहे हैं। यदि रेल व अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं खुलती हैं तो पर्यटकों की संख्या में और भी वृद्धि हो जाएगी। कुल मिलाकर पिछले छह माह के सन्नाटे के बाद अब होटल उद्योग को कुछ संजीवनी मिली है।
- बिजेंद्र पंवार, सचिव, तपोवन-लक्ष्मणझूला होटल एसोसिएशन
राफ्टिग के प्रति पर्यटकों का क्रेज बरकरार है। हालांकि, पिछले वर्षो के मुकाबले इस वर्ष अनलॉक के बाद मात्र 25 प्रतिशत पर्यटक ही राफ्टिग के लिए पहुंचा है। हालांकि वीकएंड पर राफ्टिग और कैंपिग के लिए अच्छी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
- दीपक बडोनी, राफ्टिग व्यवसायी