कार्बेट टाइगर रिजर्व की अजनाला रेंज में वनकर्मी पर बाघ ने किया हमला, अस्पताल में भर्ती

कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट की अजनाला रेंज में बाघ के हमले में एक वन कर्मी बुरी तरह घायल हो गया। वन कर्मी को कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में लाकर भर्ती किया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Tue, 09 Nov 2021 01:51 PM (IST) Updated:Tue, 09 Nov 2021 01:51 PM (IST)
कार्बेट टाइगर रिजर्व की अजनाला रेंज में वनकर्मी पर बाघ ने किया हमला, अस्पताल में भर्ती
कार्बेट टाइगर रिजर्व की अजनाला रेंज में वनकर्मी पर बाघ ने किया हमला।

जागरण संवाददाता, कोटद्वार। कार्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट की अदनाला रेंज में मंगलवार सुबह गश्त पर निकले एक वन कर्मी पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ के हमले में घायल वन कर्मी को उपचार के लिए कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में लाया गया है।

घटना आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट की अदनाला रेंज से आठ कर्मियों का दल मुंडियापानी बीट की कक्ष संख्या एक में गश्त पर था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक झाड़ियों में दुबके बाघ ने टीम में शामिल वन श्रमिक ग्राम धोबीघाट (लैंसडौन) निवासी बृजमोहन (38 वर्ष) पुत्र गोविंद सिंह पर झपट्टा मार दिया। बाघ ने बृजमोहन पर सामने से हमला किया, जिस कारण बृजमोहन जमीन में गिर पड़ा। बाघ ने उसके सिर पर गहरे पंजे मार दिए। साथ ही कंधे पर दांत गड़ा दिए। इससे पहले, बाघ उसकी गर्दन पर दांत गाड़ता, बृजमोहन ने हाथ में पकड़ा डंडा बाघ के मुंह में डाल दिया।

इस बीच मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने भी शोर मचाते हुए बाघ पर डंडों से वार कर दिया, जिस कारण बृजमोहन को मौके पर छोड़ जंगल की ओर भाग गया। साथी उसे लेकर मुंडियापानी चौकी में पहुंचे, जहां से उसे उपचार के लिए कोटद्वार बेस चिकित्सालय में लाया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि बृजमोहन के सिर, कंधे व पीठ पर बाघ के हमले के गहरे जख्म हैं।

वन क्षेत्राधिकारी नवीन जोशी ने बताया कि बाघ अपने बच्चों के साथ झाड़ियों में दुबका हुआ था। संभावना यह है कि बाघ ने खुद की रक्षा में बृजमोहन पर हमला किया होगा। बताया कि मौके पर बाघ के बच्चों के निशान भी पाए गए हैं।

दो वर्ष में दो की मौत, दो घायल

कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट में पिछले दो वर्षों में बाघ के हमले में दो वन कर्मियों की मौत हो चुकी है। जबकि दो वन कर्मी घायल हुए हैं। अक्टूबर 2019 में प्रभाग की पलेन रेंज में गश्त पर निकले वन कर्मी राजेश नेगी बाघ के हमले में मारा गया। इससे पूर्व, जुलाई 2019 में इसी रेंज में बाघ के हमले में बीट वाचर सोहन सिंह बाघ के हमले में मारा गया। कुछ समय की शांति के बाद एक बार फिर प्रभाग में बाघ के हमले बढ़ने लगे हैं। बीती 25 अगस्त को बाघ ने अदनाला रेंज की मुंडियापानी बीट कक्ष संख्या 12 में वनकर्मी संपूर्णानंद पर भी हमला किया था। मौके पर मौजूद वनकर्मियों ने हवाई फायर कर बाघिन को भगाया। घायल संपूर्णानंद का कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में उपचार किया गया।

यह भी पढें- कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में लकड़ी लेने गई महिला को बाघ ने मार डाला, ग्रामीणों में दहशत

 

chat bot
आपका साथी