हल्द्वानी,, सिटी:: पिजरे में कैद है राज्य सरकार: प्रीतम सिंह

विकासनगर रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार पर तंज कसे कहा कि राज्य सरकार प्रवासियों को लाने में विफल रही तो वहीं केंद्र सरकार विदेश नीति पर पूरी तरह फेल है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 05:06 PM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 05:06 PM (IST)
हल्द्वानी,, सिटी:: पिजरे में कैद है राज्य सरकार: प्रीतम सिंह
हल्द्वानी,, सिटी:: पिजरे में कैद है राज्य सरकार: प्रीतम सिंह

जागरण संवाददाता, विकासनगर: रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार पर तंज कसे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रवासियों को राज्य में लाने पर सरकार ने कोताही बरती है, क्वारंटाइन सेंटरों में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। कहा कि राज्य सरकार पिजरे में कैद है, पूरी लॉकडाउन अवधि में मुख्यमंत्री मात्र दो बार सीएम आवास से बाहर निकले हैं। उन्होंने भारत चीन सीमा पर बढ़े तनाव पर कहा कि केंद्र सरकार विदेश नीति में फेल साबित हुई है।

नगर के एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि लॉकडाउन अवधि में प्रवासियों को राज्य में वापस लाने के मामले में राज्य सरकार के चिरनिद्रा में लीन होने पर कांग्रेस ने एप के माध्यम से प्रवासियों से संपर्क साधा। तीस हजार लोगों ने राज्य में आने की इच्छा जतायी। जिस पर कांग्रेस ने सीएम से मिलने का समय मांगा, लेकिन सीएम के समय न देने पर कांग्रेस ने 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्य सचिव के माध्यम से सरकार को भेजा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार पिजरे में कैद है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने क्वारंटाइन सेंटरों की जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों पर डाली, लेकिन पैसा एक नहीं दिया। हाईकोर्ट की फटकार के बाद राज्य सरकार चेती। उन्होंने क्वारंटाइन सेंटरों में अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं पर क्वारंटाइन सेंटर में सांप के काटने से मौत हो जाती है, कहीं पर महिला से अभद्रता की गई, युवती की मौत और खाने पीने पर भी सवाल उठते रहे हैं। क्वारंटाइन सेंटरों में गंदगी के चलते स्वस्थ्य व्यक्ति भी बीमार पड़ जाएगा। कहा कि सरकार ने कोरोना से मौत हो अन्य बीमारियों से हुई मौत बताकर अपनी नाकामी छिपाने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जब प्रवासियों व मजदूरों की स्थिति देखी तो मजदूरों को भेजने के लिए रेल टिकट का किराया देने की बात कही, लेकिन भाजपा कहती है कांग्रेस राजनीति कर रही है। पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने उप्र सरकार से कहा था कि प्रवासियों को भेजने के लिए कांग्रेस एक हजार बसों की व्यवस्था करेगी, लेकिन सरकार ने बसों को नहीं चलने दिया। कोरोना महामारी से संकट के समय कांग्रेस ने भूखे प्यासे जरूरतमंदों की मदद करने का काम किया। उन्होंने सरकार की नाकामी पर कहा कि एक तरफ सरकार कह रही थी कि जरूरतमंदों को गेहूं चावल दे दिया गया है तो फिर विधायक क्यों राशन बांट रहे थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता क‌र्फ्यू से अब तक सीएम दो बार आवास से बाहर निकले। यही हालत देश के प्रधानमंत्री की भी रही। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पेट्रोल डीजल के बढ़े दामों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई को लेकर जनसहयोग से सड़कों पर उतरने का काम कर रही है। 2022 में राज्य की जनता भाजपा सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी। उन्होंने भारत चीन सीमा पर तनाव के मुद्दे पर कहा कि जब प्रधानमंत्री कहते हैं कि सीमा पर कोई अतिक्रमण नहीं है तो फिर देश के बीस वीर सैनिकों की शहादत कैसे हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री से वास्तविकता से देश को अवगत कराने का आग्रह किया। कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है, यही वजह है कि हमारे मित्र राष्ट्र भारत से दूर हो गए हैं, नेपाल जैसा देश भी आंखे दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले चुनावों में भाजपा को सबक सिखाएगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश सचिव प्रेम प्रकाश अग्रवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर, शहर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, प्रशांत शर्मा, सभासद गिरीश सप्पल हनी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी