महापौर की नाराजगी पर हरकत में आया निगम प्रशासन, शहीद द्वार बनाने को टेंडर प्रक्रिया शुरू

नगर निगम बोर्ड से मंजूरी के बावजूद शहीदों के सम्मान में बनने वाले द्वार की टेंडर प्रक्रिया जारी नहीं होने पर महापौर सुनील उनियाल गामा ने जब शुक्रवार को नाराजगी जताई तो निगम प्रशासन हरकत में आ गया। तत्काल टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

By Sumit KumarEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 05:11 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 05:11 PM (IST)
महापौर की नाराजगी पर हरकत में आया निगम प्रशासन, शहीद द्वार बनाने को टेंडर प्रक्रिया शुरू
निगम प्रशासन ने तत्काल टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी।

जागरण संवाददाता, देहरादून: नगर निगम बोर्ड से मंजूरी के बावजूद शहीदों के सम्मान में बनने वाले द्वार की टेंडर प्रक्रिया जारी नहीं होने पर महापौर सुनील उनियाल गामा ने जब शुक्रवार को नाराजगी जताई तो निगम प्रशासन हरकत में आ गया। तत्काल टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

देहरादून में शहीद मेजर विभूति ढौंडियाल, शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट, शहीद देवेंद्र प्रसाद बडोला समेत शहीद लेफ्टिनेंट मोहित जोशी के सम्मान में शहीद द्वार बनाने को स्वीकृति तो एक साल पहले दे दी गई थी, मगर नगर निगम ने प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई। गत दिनों महापौर सुनील उनियाल गामा ने मामले का संज्ञान लिया और निगम के निर्माण अनुभाग के अधिकारियों से पत्रावलियां तलब की तो मालूम चला कि अभी तक बजट भी मंजूर नहीं किया गया। महापौर के आदेश पर इस कार्य का बजट तो मंजूर हो गया मगर टेंडर प्रक्रिया फिर लटका दी गई। शुक्रवार दोपहर सालावाला पार्षद भूपेंद्र कठैत के साथ कुछ पार्षदों ने महापौर से इस संबंध में मुलाकात कर शहीद द्वार का निर्माण शुरू न होने पर नाराजगी जताई।

पार्षदों ने हाथीबड़कला में शहीद मेजर भूपेंद्र कंडारी, कालीदास रोड पर कारगिल शहीद सुबाब सिंह सजवाण व बल्लूपुर के सुंदर विहार में कारगिल शहीद देवेंद्र प्रसाद बडोला की स्मृति में शहीद द्वार का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की। महापौर ने निर्माण अनुभाग के अधिशासी अभियंता अनुपम भटनागर को तलब किया और प्रगति रिपोर्ट मांगी। टेंडर की प्रक्रिया न होने पर महापौर ने नाराजगी जताई तो टेंडर कुछ देर बाद ही जारी कर दिए गए। निगम के अनुसार चार शहीद द्वार बनाने पर करीब 22 लाख रुपये खर्च होंगे।

यह भी पढ़ें- कोरोना वायरस के नए वेरिएंट को देख सीएम धामी की अपील, कोरोना से बचाव को जारी गाइडलाइन का करें पालन

महापौर ने किया सड़क का लोकार्पण

कैंट विधानसभा क्षेत्र स्थित पटेलनगर में दो नई सड़कों और ढाई सौ मीटर नालियों का शुक्रवार को महापौर गामा ने लोकार्पण किया। महापौर ने कहा कि निगम की ओर से समस्त वार्डों में समान रूप से कार्य को अंजाम दिया जा रहा। उनका तीन साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड में विकास कार्य में कोई भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने सभी वार्ड में एलईडी स्ट्रीट लाइट का कार्य शीघ्र पूरा होने की बात कही। स्थानीय पार्षद अनीता सिंह भी इस दौरान मौजूद रहीं।

कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई हा

शहर में कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष डा. विजेंद्र पाल सिंह ने कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पार्षद ने वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी को शिकायत भी की। बताया कि शहर की अधिकांश मुख्य सड़कों व गलियों में लोग कूड़े को जला रहे लेकिन निगम कोई कदम नहीं उठा रहा। राजपुर रोड से लेकर मसूरी डायवर्जन तक रोजाना जगह-जगह कूड़े को जलाया जा रहा। उन्होंने निगम अधिकारियों से औचक निरीक्षण की मांग की।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में जल जीवन मिशन के कार्यों में अब आएगी तेजी, दो सौ करोड़ की 12 योजनाएं मंजूर

chat bot
आपका साथी