ऑपरेशन सद्भावना: तवांग के 20 स्कूली बच्चे पहुंचे भारतीय सैन्य अकादमी

तवांग क्षेत्र के स्कूली बच्चों ने भारतीय सैन्य अकादमी का भ्रमण किया। प्रभारी अधिकारी एक जूनियर कमीशन ऑफिसर और तीन जवानों के नेतृत्व वाली टीम में 20 स्कूली बच्चे शामिल रहे।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Wed, 11 Dec 2019 05:05 PM (IST) Updated:Wed, 11 Dec 2019 05:05 PM (IST)
ऑपरेशन सद्भावना: तवांग के 20 स्कूली बच्चे पहुंचे भारतीय सैन्य अकादमी
ऑपरेशन सद्भावना: तवांग के 20 स्कूली बच्चे पहुंचे भारतीय सैन्य अकादमी

देहरादून, जेएनएन। ऑपरेशन सद्भावना के तहत अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र के स्कूली बच्चों ने मंगलवार को भारतीय सैन्य अकादमी का भ्रमण किया। प्रभारी अधिकारी, एक जूनियर कमीशन ऑफिसर और तीन जवानों के नेतृत्व वाली टीम में 20 स्कूली बच्चे शामिल रहे। भारतीय सेना देशभर में राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑपरेशन सद्भावना कार्यक्रम आयोजित करती है। जिसके तहत दूर-दराज के क्षेत्र के स्कूली छात्रों को विभिन्न राज्यों का भ्रमण कराया जाता है। साथ ही स्कूली छात्रों सेना ज्वाइन करने के लिए प्रेरित किया जाता है। 

आइएमए पहुंचने पर स्कूली बच्चों का स्वागत किया गया। खुद अकादमी के उप समादेशक मेजर जनरल जीएस रावत ने स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने स्कूली बच्चों को सेना के बारे में जानकारी दी। बताया कि सैन्य अकादमी में किस तरह जेंटलमैन कैडेटों को प्रशिक्षित किया जाता है। कड़ा सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कैडेट बतौर अधिकारी सेना में शामिल होते हैं। अकादमी पहुंचने पर दूर-दराज क्षेत्र के इन स्कूली बच्चों को भारतीय सेना के तौर-तरीकों के बारे में जानने का अवसर मिला। सैन्य अधिकारियों व जवानों के साथ बातचीत करते हुए अधिकांश स्कूली बच्चों ने भविष्य में सेना ज्वाइन करने की इच्छा भी जताई। 

दून के आनंद प्रकाश बने कोस्ट गार्ड पश्चिमी क्षेत्र के कमांडर 

कहने को उत्तराखंड छोटा राज्य है, पर जब बात देशसेवा की आती है तो यहां के लोग अग्रिम पंक्ति में खड़े दिखते हैं। तभी उत्तराखंड को देवभूमि ही नहीं वीरभूमि भी कहा जाता है। वर्तमान समय में भी पहाड़ के लाल कई अहम पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें अब कोस्ट गार्ड के महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला का नाम भी शामिल हो गया है। महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें कोस्ट गार्ड पश्चिमी क्षेत्र का कमांडर बनाया गया है। वह देहरादून के रहने वाले हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी मिलना न केवल दून बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने मुम्बई में पदभार ग्रहण कर लिया है। 

यह भी पढ़ें: रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वॉलंटियर फोरम में प्रतिभाग कर लौटी अंकिता

30 साल के अपने करियर में आनंद प्रकाश बडोला ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वह आइसीजी जहाजों के सभी वर्गों की कमान संभाल चुके हैं। डीजीआइसीजी और सीआइएनसीएएन भी उनके काम को सराह चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्हें चीफ ऑफ स्टाफ, हेडक्वॉर्टर कोस्ट गार्ड कमांडर पूर्वी सी-बोर्ड के रूप में नियुक्त किया गया था, अब उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है। महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला को अहम जिम्मेदारी मिलने पर पूरा उत्तराखंड गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने रसायन विज्ञान में पीजी किया है। उनसे पहले उत्तराखंड के रहने वाले कृपा नौटियाल को भी कोस्ट गार्ड कमांडर पूर्वी क्षेत्र का कार्यभार सौंपा गया था। उन्हें महानिरीक्षक से अपर महानिदेशक पद पर पदोन्नत किया गया था। 

यह भी पढ़ें: एक दिन के लिए न्यूजीलैंड की उच्चायुक्त बनीं पौड़ी की कुमकुम, उठाई ये समस्या

chat bot
आपका साथी