Bharat Bandh : ऋषिकेश में भारत बंद के समर्थक बैठे धरने पर, डोईवाला में दिखा बंद का असर
ऋषिकेश में किसानों के समर्थन में स्थानीय राजनीतिक व्यापारिक संगठन सदस्य धरने पर बैठे हैं। इस दौरान डोईवाला के आसपास क्षेत्र में भारत बंद का व्यापक असर दिखा। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच किसानों ने प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। कृषि कानून के विरोध में किसानों की ओर से आहूत किए गए भारत बंद का ऋषिकेश तथा आसपास क्षेत्र में असर नहीं दिखा हालांकि डोईवाला में बंद सफल रहा। ऋषिकेश में मुनिकीरेती, ढालवाला तथा स्वर्गाश्रम के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले रहे। बंद के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने दोपहिया वाहन रैली निकाली। वहीं बंद समर्थकों ने डोईवाला में प्रधानमंत्री का पुतला भी दहन किया।
ऋषिकेश में भारत बंद को लेकर पहले व्यापारी असमंजस की स्थिति में रहे मगर, धीरे धीरे शहर भर में दुकानें तथा अन्य प्रतिष्ठान खुलने लगे। ऋषिकेश के मुख्य बाजार, मुखर्जी मार्ग, घाट रोड, रेलवे रोड, तिलक रोड व अन्य क्षेत्रों में भी सभी प्रतिष्ठान खुले नजर आए। शहर में आम दिनों की भांति भीड़-भाड़ में रही।
कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने सुबह कृषि कानून के विरोध में तथा भारत बंद के समर्थन में दोपहिया वाहन रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में व्यापारियों से शांतिपूर्ण ढंग से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील भी की। मगर, इसका कोई असर नहीं हुआ। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष विनय सारस्वत ने कहा कि हमने बाजार बंद करने के लिए कल सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर समर्थन पत्र सौंपा था। परंतु व्यापारिक संगठन के नेता, दल विशेष से प्रेरित होकर बंद का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि जिन व्यापारियों ने समर्थन देकर दुकानें बंद रखी उनका हम आभार व्यक्त करते हैं। एआइसीसी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा है कि यह किसान हितों की लड़ाई का आंदोलन है जिसका कांग्रेस समर्थन करती है। रैली में कांग्रेस के प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, शैलेंद्र बिष्ट, पार्षद मनीष शर्मा, प्रदेश सचिव विवेक तिवारी, प्रदेश सचिव त्रिलोकीनाथ तिवारी, राजकुमार तलवार, महानगर अध्यक्ष जितेन्द्र पाल, एकांत गोयल आदि शामिल थे।
डोईवाला में अधिकांश दुकाने रही बंद
डोईवाला आसपास क्षेत्र में बंद का व्यापक असर दिखा। किसानों के समर्थन में स्थानीय राजनीतिक, व्यापारिक संगठनों के सदस्यों ने धरना भी दिया। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से कृषि कानून के खिलाफ सोमवार को बंद का आह्वान किया था। किसान बाहुल्य क्षेत्र डोईवाला और आसपास क्षेत्र में अधिकांश दुकानें बंद रही। सोमवार सुबह कांग्रेस के जिला कैंप कार्यालय डोईवाला में जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी के साथ मोहित उनियाल, मनोज नौटियाल आदि ने शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर बंद के समर्थन में बाजार का भ्रमण किया। किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं तमाम किसान और अन्य लोग चौक पर धरने पर बैठे हैं। धरना स्थल पर वक्ताओं ने केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों को कोसा। देश में बढ़ रही महंगाई के लिए भी केंद्र सरकार की नीतियों की निंदा की गई। धरना में गौरव चौधरी, सुरेंद्र खालसा, मोहित उनियाल, जसवंत सिंह, गुरविंदर सिंह बाबी, संगीता तोमर, मधु थापा, कासिम अली, हरवंश सिंह, शंकर सिंह कनियाल, मनोज नौटियाल, गौरव मल्होत्रा आदि शामिल थे।
देश में बढ़ रही महंगाई के लिए भी केंद्र सरकार की नीतियों की निंदा की गई। धरना में गौरव चौधरी, सुरेंद्र खालसा, मोहित उनियाल, जसवंत सिंह, गुरविंदर सिंह बाबी, संगीता तोमर, मधु थापा, कासिम अली, हरवंश सिंह, शंकर सिंह कनियाल, मनोज नौटियाल, गौरव मल्होत्रा, विमल गोला, व्यापार संघ अध्यक्ष रमेश वासन, गौरव मल्होत्रा, इंद्रजीत सिंह, गंगाधर नौटियाल, उमेद बोरा, सरदार कृष्ण सिंह, अब्दुल रज्जाक, सागर मनवाल, हरेंद्र बालियान, जसप्रीत सिंह, जाहिद अंजुम, सुभाष बालियान, नागेंद्र लोधी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:-Bharat Bandh: ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में नहीं दिखा भारत बंद का असर